

Posted On: 25 SEP 2025 7:56PM by PIB Raipur
‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान के अंतर्गत, पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर, केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), रायपुर और दूरदर्शन रायपुर के अधिकारियों ने आज दूरदर्शन केंद्र, रायपुर परिसर में सामूहिक श्रमदान किया। इस विशेष पहल का उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से पूर्व स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ाना और प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रव्यापी अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है।

इस श्रमदान कार्यक्रम में अधिकारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने परिसर में फैली हुई गंदगी को साफ किया, खर-पतवार हटाई और स्वच्छता के संदेश के साथ परिसर को स्वच्छ बनाया। यह श्रमदान केवल एक घंटे के लिए नहीं, बल्कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पहल ने न केवल परिसर को स्वच्छ बनाया, बल्कि सभी प्रतिभागियों के बीच एक सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता का भी संचार किया। इस पहल ने अन्य लोगों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

‘स्वच्छता उत्सव’ अभियान का उद्देश्य ‘स्वच्छता ही सेवा’ के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अभियान का लक्ष्य न केवल साफ-सफाई सुनिश्चित करना है, बल्कि एक स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना भी है। यह अभियान भारत को 2047 तक एक विकसित और स्वच्छ राष्ट्र बनाने के व्यापक दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका मिशन हर नागरिक को स्वच्छता का स्वयंसेवक बनाना और स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।








