
Raipur chhattisgarh VISHESH : भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी 6 मई एवं 9 मई 2025 के निर्देश के अनुसार माह जून 2025 से अगस्त 2025 तक 3 माह का चावल का वितरण किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा पूर्व में इसके वितरण की समय सीमा 30 जून 2025 निर्धारित की गई थी जिसे छत्तीसगढ़ एवं देश के अन्य राज्यों की मांग के आधार पर 31 जुलाई 2025 तक बढ़ाया गया है तथा इस आशय संबंधी पत्र संयुक्त निदेशक, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग, भारत सरकार द्वारा दिनांक 30.06.2025 को समस्त राज्यों को जारी किया गया है। सचिव, खाद्य विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा भी 3 माह के चावल वितरण की समय सीमा 31 जुलाई 2025 तक बढ़ाये जाने के संबंध में समस्त कलेक्टर को पत्र दिनांक 02.07.2025 को जारी कर दिया गया है।
राज्य में दिनांक 2 जुलाई 2025 तक कुल 81.03 लाख राशनकार्डधारी परिवारों में से 70.04 लाख (86 प्रतिशत) राशनकार्डधारियों द्वारा चावल का उठाव किया जा चुका है। प्रदेश के 13 जिलों बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, बेमेतरा, गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, कांकेर, खैरागढ़, कोरिया, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव तथा सारगढ़-बिलाईगढ़ में 90 प्रतिशत से अधिक राशनकार्डधारियों द्वारा राशन सामग्री का उठाव किया जा चुका है।

राज्य शासन द्वारा 3 माह हेतु कुल 7.82 लाख मीट्रिक टन चावल का आबंटन 13,965 उचित मूल्य दुकानों को जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध 6.72 लाख मीट्रिक टन चावल का वितरण राशनकार्डधारियों को किया जा चुका है। भारत सरकार द्वारा राशनकार्डधारी परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 3 माह के खाद्यान्न के वितरण की समय सीमा 31 जुलाई 2025 तक बढ़ाई गई है। राज्य में वितरण हेतु शेष 11 लाख राशनकार्डधारी परिवारों को चावल वितरण का कार्य आगामी 1 सप्ताह के भीतर ही पूर्ण होने का अनुमान है।





















