
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH कोरोना काल में एलोपैथिक दवाओं को लेकर दिए बयान के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर स्वामी रामदेव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है. ये मामले बिहार और छत्तीसगढ़ में दर्ज कराए गए हैं.
स्वामी राम देव ने कोरोना के इलाज में एलोपैथिक दवाओं के इस्तेमाल और उनके प्रभाव को लेकर विवादास्पद टिप्पणियां की थीं.उनकी याचिका पर जस्टिस एएस बोपन्ना और एमएम सुंदरेश का पीठ सुनवाई कर रहा है. रामदेव की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने पैरवी की.
स्वामी रामदेव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और बिहार-छत्तीसगढ़ सरकार से जवाब मांगा है. स्वामी रामदेव ने 2021 में इन एफआईआर पर होने वाली कार्रवाई पर स्टे की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.
उन्होंने अपनी याचिका में एफआईआर पर होने वाली कार्रवाई पर स्टे के अलावा आईएमए की ओर से पटना और रायपुर में दर्ज कराई गई एफआईआर को दिल्ली की किसी अदालत में भेजने की अपील की है. आईएमए की राज्य इकाइयों ने स्वामी रामदेव के खिलाफ आईपीसी की धारा-188, 269 और 504 के तहत शिकायतें दर्ज कराई हैं.
इन शिकायतों के मुताबिक महामारी के दौरान स्वामी रामदेव कथित तौर पर सोशल मीडिया पर डॉक्टरों, भारत सरकार, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च और कोरोना के इलाज में शामिल संस्थाओं द्वारा इस्तेमाल की जा रहीं दवाओं को लेकर ग़लत जानकारी फैलाते रहे.







