
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जी20 समिट के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दिए गए डिनर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को न बुलाए जाने को लेकर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि सरकार के पास ऐसा करते हुए इस अहम आयोजन के दौरान भारत की एकजुटता का संदेश देने का मौका था.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सचिन पायलट ने कहा, प्रधानमंत्री जी और भारत सरकार विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन) खड़गे साहब को भी वहां पर आमंत्रित करते, जैसे उन्होंने अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाया था. अगर खड़गे जी को आमंत्रित करते तो और शोभा बढ़ती. दुनिया देखती कि विश्व पटल स्थल पर भारत एक है.
पायलट ने आगे कहा ये एकजुटता का संदेश रखने की ज़िम्मेदारी मैं समझता हूं कि केंद्र सरकार की थी, जी 20 एक सफल आयोजन हुआ. इसका स्वागत है. जी20 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार रात डिनर दिया था. इसमें विदेशी मेहमानों के अलावा केंद्र सरकार के मंत्रियों और भारत के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की.
इनमें विपक्षी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, नीतीश कुमार और सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए थे. खड़गे को न बुलाए जाने पर कांग्रेस के दूसरे नेता भी सवाल उठा चुके हैं.
