

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट करके केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से गुज़ारिश की है कि वे दिल्ली पुलिस को अपनी सक्रियता बढ़ाने को कहें. केजरीवाल की ओर से किए गए इस ट्वीट की वजह दक्षिणी दिल्ली में एक लड़की की हत्या किया जाना है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित अरबिंदो कॉलेज से सटे पार्क में एक महिला की लाश बरामद हुई है. दिल्ली पुलिस को महिला की लाश के नज़दीक एक लोहे की रॉड भी बरामद हुई है.
दिल्ली पुलिस की डीसीपी (दक्षिण) चंदन चौधरी ने बताया है कि मृतका की उम्र लगभग 22 साल थी. उन्होंने कहा, “ये प्यार और शादी से इनकार का मामला है. लड़का-लड़की मौसेरे भाई-बहन हैं. लड़के की उम्र 28 साल है. वहीं, लड़की की उम्र 22 साल थी. लड़की पढ़ने में काफ़ी अच्छी थी. उसने कमला नेहरू कॉलेज से हिंदी में ऑनर्स की पढ़ाई की थी. लड़की के पढ़ाई में अच्छे होने और लड़के के बेरोज़गार होने की वजह से लड़की के परिवारवालों ने शादी से इनकार कर दिया.”
पुलिस के मुताबिक, शादी से इनकार के बाद लड़की ने भी इस लड़के से बातचीत करना बंद कर दिया और उसे ब्लॉक कर दिया. इससे लड़का बेहद आहत हुआ. ये लड़की स्टेनो की कोचिंग करने के लिए मालवीय नगर आती थी जिसके बारे में लड़के को पता था.
पुलिस बोली- लड़के के दिमाग़ में पिछले दो दिन से चल रहा था कि अब तो मेरी शादी हो नहीं रही है. मेरे लिए रिश्ते नहीं आ रहे हैं क्योंकि लड़के के छोटे भाई का रिश्ता तय हो गया है. ऐसे में इसकी शादी की संभावनाएं काफ़ी कम हो गयी थीं. इसी वजह से इसके अंदर नाराज़गी थी जिसे इसने इस तरह अंजाम दिया
पुलिस ने बताया है कि लड़के और लड़की का परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. लड़की का परिवार बीते तीस सालों से दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार में रहता था. वहीं, लड़के का परिवार अभी भी यूपी में ही रहता है. लड़का दिल्ली में रहते हुए डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था.







