
महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले में बुधवार रात हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 16 से बढ़कर 18 हो गई. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, तलाश एवं बचाव अभियान में लगी एनडीआरएफ़ की टीम ने मलबे से दो महिलाओं के शव बरामद किये, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई.
दोनों एनडीआरएफ़ की टीमें अब तक 21 लोगों को बचाने में सफल हुई हैं. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, बीती रात भारी बारिश, भूस्खलन के ख़तरे और अंधेरे की वजह से बचाव अभियान रोक दिया गया था.लेकिन सुबह छह बजकर 30 मिनट पर अभियान को फिर से शुरू किया गया. स्थानीय लोग बचाव टीम की मदद कर रहे हैं. राहत कार्य में खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है.







