

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : हिमाचल प्रदेश में रविवार को भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से पाँच लोगों की मौत हो गई. बारिश की वजह से कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं और हालात देखते हुए अधिकारियों ने दो दिन के लिए स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है.
अधिकारियों ने बताया कि सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं.
स्थानीय मौसम विभाग ने राज्य के 12 ज़िलों में से 10 के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इस दौरान भारी बारिश (204 मिमी से भी ज्यादा) की आशंका है. राज्य आपदा अभियान केंद्र ने बताया है कि पिछले 36 घंटे में 14 भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की 13 घटनाएं हुई हैं. वहीं, 700 से ज्यादा सड़कें बंद हैं.
मनाली, कुल्लू, किन्नौर और चंबा में दुकानों और गाड़ियों के अचानक आई बाढ़ में बह जाने की खबरें हैं. भारी बारिश की वजह से फसलों को भी नुकसान हुआ है. शिमला में भी कई सड़कें बंद हैं. शिमला के कोटगढ़ में भूस्खलन की वजह से एक घर गिर गया जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. कुल्लू में भी एक महिला की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई.
शनिवार रात में चंबा के काटियान तहसील में भूस्खलन में एक व्यक्ति दब गया जिससे उसकी मौत हो गई. रावी, व्यास, सतलुज, स्वां और चेनाब समेत कई नदियां उफान पर हैं. पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वो भारी बारिश के बीच यात्रा करने और नदियों के नज़दीक जाने से बचें.राज्य में बारिश से मची भीषण तबाही के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक वीडियो संदेश जारी करके लोगों से आसपास की नदियों-नालों से दूर रहने की अपील की है.उन्होंने कहा है कि अगले 24 घंटे में और तेज़ बारिश होने की आशंका है. सीएम सुक्खू ने कहा है कि प्रशासन को सभी प्रकार के एहतियात बरतने के लिए अलर्ट कर दिया गया







