

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH अमेरिका का दौरा कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क में दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के बाद उनकी पार्टी तेलंगाना और दूसरे राज्यों में बीजेपी को मात देगी. राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि भारत के लोग बीजेपी की ‘नफ़रत वाली विचारधारा’ को हराने जा रहे हैं.

शनिवार को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस- यूएसए की ओर से आयोजित रात्रिभोज समारोह में राहुल गांधी ने कहा, “कर्नाटक में हमने दिखाया कि हम बीजेपी का सफाया कर सकते हैं. हमने उन्हें हराया नहीं बल्कि हाशिए पर ले आए.”
न्यूयॉर्क के पहले राहुल गांधी वॉशिंगटन और सैन फ्रांसिस्को में थे l न्यूयॉर्क के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, “कर्नाटक चुनाव में बीजेपी ने सबकुछ आजमाया. उनके साथ पूरा मीडिया था. हमारे मुक़ाबले उनके पास 10 गुना पैसा था. उनके पास सरकार थी. उनके पास एजेंसियां थीं. उनके पास वो सब था लेकिन तब भी हमने उनका सफाया कर दिया और मैं चाहता हूं कि आप जानें कि आगे हम उन्हें तेलंगाना में हराने जा रहे हैं. इस चुनाव के बाद तेलंगाना में बीजेपी को तलाशना मुश्किल होगा.”
राहुल गांधी ने कहा कि ये सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी नहीं है जो बीजेपी को हराने जा रही है. उन्होंने कहा, “ये भारत के लोग हैं, मध्य प्रदेश के लोग, तेलंगाना के लोग, राजस्थान के लोग और छत्तीसगढ़ के लोग जो बीजेपी को हराने जा रहे हैं.”
राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 में भी “हम ऐसा ही करेंगे. विपक्ष एकजुट है और हम एकसाथ काम कर रहे हैं.”
देश में लोकसभा के आम चुनाव 2024 में होने हैं.





















