
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH सीबीआई ने कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और हैदराबाद के सीए बुची बाबू के ख़िलाफ दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है.इस चार्जशीट (आरोपपत्र) में अर्जुन पांडे और अमनदीप सिंह ढल का भी नाम है. इस मामले में सीबीआई ने यह दूसरी चार्जशीट दाखिल की है. इससे पहले 25 नवंबर, 2022 को एजेंसी ने चार्जशीट दाखिल की थी. कोर्ट ने चार्जशीट पर बहस के लिए 12 मई की तारीख तय की है.
सीबीआई ने 26 फरवरी को सिसोदिया को गिरफ़्तार किया था और अब 58वें दिन इस मामले में आरोप पत्र दाखिल करने से सिसोदिया को जमानत मिलने की संभावना कम हो सकती है. सीबीआई ने इस मामले में 17 अगस्त, 2022 को एफ़आईआर दर्ज की थी जिसमें सबसे पहला अभियुक्त मनीष सिसोदिया को बनाया गया और कहा गया कि बिचौलियों ने ग़लत तरीक़ों से फ़ायदा पहुंचाने में मदद की है.
एफ़आईआर में बताया गया कि बड्डी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित अरोड़ा, दिनेश अरोड़ा और अर्जुन पांडे सिसोदिया के करीबी सहयोगी हैं. वो लाइसेंस धारकों से इकट्ठा किए गए पैसे अभिुयक्त सरकारी कर्मचारियों तक पहुंचाते थे.
शराब नीति 2020 में प्रस्तावित की गई थी जिसे नवंबर 2021 में लागू किया गया. इसके तहत दिल्ली को 32 ज़ोन में बांटा गया और हर ज़ोन में 27 दुकानें खुलनी थीं. इस नीति के तहत सिर्फ़ निजी दुकानों पर ही शराब बेची जा सकती थी. यानी सरकारी दुकानें पूरी तरह बंद कर दी गई थीं. हर नगर निगम वार्ड में 2-3 दुकानें खोली जानी थीं. सरकार के अनुसार, इसका मक़सद लिकर माफ़िया और काला बाज़ारी को ख़त्म करना और शराब की दुकानों का समान वितरण सुनिश्चित करना था.
इसके लिए दिल्ली सरकार ने लाइसेंस धारकों के लिए नियमों में कुछ ढील भी दी थी. जैसे उन्हें डिस्काउंट देने और सरकारी एमआरपी की बजाय अपनी कीमत खुद तय करने की अनुमति देना. इसके बाद विक्रेताओं को डिस्काउंट दिए गए. लेकिन, विपक्ष के विरोध के बाद कुछ समय के लिए डिस्काउंट वापस भी ले लिए गए थे.
