


Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस हुगली के हिंसा प्रभावित इलाके रिसड़ा पहुंचे हैं. यहां उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और हालात का जायज़ा लिया. बोस ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “ठोस कार्रवाई होगी. हम कभी भी उपद्रवियों को क़ानून हाथ में नहीं लेने देंगे. पुलिस उन पर भारी पड़ेगी. बंगाल लंबे समय से हिंसा से पीड़ित है, हम इसे अंतिम रूप देंगे.”
बोस दार्जिलिंग जी20 की बैठक के लिए गए थे, जहां से सीधे वो मंगलवार को हुगली पहुंचे. रविवार को रामनवमी के जुलूस पर कथित पथराव के बाद हिंसा और आगज़नी हुई थी. सोमवार देर रात भी उपद्रव हुआ और बम फेंके गए. असामाजिक तत्वों के उपद्रव के कारण सोमवार रात तीन घंटे से भी ज़्यादा समय तक रेल सेवाएं ठप रहीं.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “सोमवार रात को रिसड़ा स्टेशन के बाद एक बार फिर उपद्रव शुरू हो गया. वहां असामाजिक तत्व बम फेंकने लगे. इससे आम लोगों में भारी आतंक फैल गया. बाद में मौक़े पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इस बवाल के कारण हावड़ा से अप और डाउन लाइनों में ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई.”
रिसड़ा स्टेशन पर ट्रेन में फंसे यात्रियों ने बीबीसी को बताया कि उन लोगों ने डर के मारे कोच के दरवाजे और खिड़कियां भीतर से बंद कर लिये थे. सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ने हावड़ा, हुगली और उत्तर दिनाजपुर ज़िले में हाल में हुई हिंसा पर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की ओर से दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवज्ञानम और न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की खंडपीठ ने सरकार को यह रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज बुधवार तक अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है. अदालत ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया और पुलिस और अदालत को इस बात का ध्यान रखने को कहा है कि ऐसी घटना दोबारा ना हो और आम लोगों को कोई नुकसान ना पहुंचे.
हावड़ा की हिंसा के बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर हिंसा की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से कराने की मांग की थी. दूसरी ओर, भाजपा ने इस हमले के विरोध में राज्य के विभिन्न इलाक़ों में विरोध प्रदर्शन किया है. बीजेपी की शोभायात्रा पर कथित पथराव के बाद रविवार शाम हिंसा और आगज़नी हुई थी.
