
रविन्द्र चौबे ने मामले की जांच प्रदेश स्तर के अफसर से एक माह के भीतर करवाने तथा दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अपनी ही सरकार पर पीसीसी चीफ को हमलावर होता देख विपक्ष भी मरकाम के साथ खड़ा हो गया और मंत्री के इस्तीफे की मांग कर डाली। बात बिगड़ती देख जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने मामले की जांच प्रदेश स्तर के अफसर से एक माह के भीतर करवाने तथा दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम ने प्रश्नकाल में कोंडागांव जिले में पंचायत विभाग के दो साल में किए गए कार्यों की जानकारी मांगी। यह भी पूछा कि वहां कौन अफसर पदस्थ हैं, और उनके पास अन्य विभाग के चार्ज भी हैं क्या?
मरकाम ने पूछा कि आरईएस निर्माण एजेंसी है, पर उसे सप्लाई का भी अधिकार क्या है, इन सवालों पर मंत्री चौबे ने कहा कि कलेक्टर को विशेषाधिकार है कि वह किसी को भी नोडल बना सकता है। इस पर मरकाम ने आरोप लगाया कि ईई के पद पर किसे पदस्थ किया गया है। एक ही व्यक्ति सब काम कर रहा है, इसलिए पैसों का बंदरबाट किया जा रहा है।
इस पर मंत्री चौबे ने कहा कि वहां पर अरुण कुमार शर्मा को बतौर ईई पदस्थ किया गया है। उनके पास आरईएस के अलावा पीएमजीएसवाय का भी प्रभार है। चूंकि प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर मामला उठाया है, इसलिए इस मामले में प्रदेश स्तर के अधिकारी से जांच कराने की घोषणा करता हूं। जांच एक माह के भीतर होगी। इस आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मरकाम के आरोप लगाते ही विपक्ष के विधायक उनके साथ खड़े हो गए। शिवरतन शर्मा ने मंत्री से कहा कि आपकी पार्टी के अध्यक्ष इतना बड़ा आरोप लगा रहे हैं, आपको तो इस्तीफा दे देना चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जो निर्माण एजेंसी है, उसे क्रय करने का अधिकार है। वहीं नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि पूरे प्रदेश में डीएमएफ फंड की बंदरबांट चल रही है। सदन की कमेटी से इसकी जांच कराई जाए। जोगी कांग्रेस विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि आज मरकाम भय मुक्त हो कर बोल रहे है l
