
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH गुरुवार को पूर्वोत्तर के त्रिपुरा में दोबारा बहुमत पाने और नगालैंड में बेहतर सफलता हासिल करने के बाद पीएम मोदी ने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “यह चुनाव दिलों की दूरी समाप्त होने के साथ नई सोच का प्रतिबिंब है. अब नॉर्थ ईस्ट न ही दिल्ली से दूर है और न ही दिल से दूर.” उन्होंने कहा, “मैं त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड की जनता का सर झुकाकर वंदन करता हूं, उनका आभार व्यक्त करता हूं.”
उन्होंने कहा, “पहले त्रिपुरा में ये हाल था कि एक पार्टी के अलावा दूसरी पार्टी का एक झंडा तक नहीं लगाया जा सकता था. अगर किसी ने लगाने की कोशिश की तो उसे लहूलुहान कर दिया जाता था. इस बार इन चुनावों में हमने कितना बड़ा परिवर्तन देखा है. अब हम नई दिशा पर चल पड़ा हुआ पूर्वोत्तर देख रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “ऐसे विशेष शुभचिंतक भी हैं, जिन्हें यह सोच-सोच कर सिर में दर्द भी होता है कि बीजेपी की जीत का राज क्या है. अभी तक के परिणाम तक मैंने टीवी तो नहीं देखी और यह भी नहीं देखा कि ईवीएम को गाली पड़नी शुरू हुई है या नहीं.”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे इस बात का संतोष है कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में बार-बार नॉर्थ-ईस्ट जाकर मैंने दिलों को जीता है और यही मेरे लिए सबसे बड़ी जीत है. मुझे यह संतोष भी है कि पूर्वोत्तर के लोगों को यह अहसास हो रहा है कि अब उनकी उपेक्षा नहीं होती.”
नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘बीजेपी के विजयी अभियान का राज़ त्रिवेणी में छिपा है, पहली शक्ति बीजेपी सरकारों के कार्य, दूसरा, कार्य संस्कृति और तीसरा कार्यकर्ताओं का सेवा भाव.’ इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्वोत्तर में जीत का श्रेय नरेंद्र मोदी की ‘लुक ईस्ट पॉलिसी’ को दिया, जिससे पूर्वोत्तर के राज्यों को मुख्य धारा में जोड़ने की कोशिश शुरू हुई.
पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा के चुनावी नतीजे गुरुवार को आए. बीजेपी ने त्रिपुरा राज्य में फिर से अकेले दम पर जीत दर्ज की, जबकि नगालैंड में वो दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
