

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के मशहूर ‘मुग़ल गार्डन’ घूमने की चाहत रखने वाले जब 31 जनवरी से वहां पहुंचना शुरू करेंगे तो उन्हें ये नाम कहीं नहीं दिखेगा.
शनिवार को जानकारी दी गई कि राष्ट्रपति भवन के सभी बागों का नाम ‘अमृत उद्यान’ कर दिया गया है और वहां से ‘मुग़ल गार्डन’ का बोर्ड भी हटा लिया गया.
राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि रविवार से ‘अमृत उद्यान’ में उद्यान उत्सव 2023 के मौके पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मौजूद रहेंगी. जनता के लिए इसे 31 जनवरी से 26 मार्च तक के लिए खोल दिया जाएगा. राष्ट्रपति की डिप्टी प्रेस सचिव नविका गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति भवन के सभी बगीचों को अब ‘अमृत उद्यान’ कहा जाएगा.
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर इसे ग़ुलामी की मानसिकता से बाहर आने का मोदी सरकार का एक और ऐतिहासिक फ़ैसला बताया.वहीं, बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, “गुलामी का एक और प्रतीक समाप्त. मुग़ल गार्डन अब नहीं रहा, अब है अमृत गार्डन.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार केंद्र के साल 2014 में सत्ता में आने के बाद से कई शहरों, सड़कों और स्टेशनों के नाम बदले गए हैं. इसे लेकर राजनीति भी होती रही है. अभी जिस राष्ट्रपति भवन के ‘मुग़ल गार्डन’ का नाम बदला गया, उसी से निकलने वाले ‘राजपथ’ का नाम पिछले साल बदल दिया गया. मोदी सरकार ने इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक जाने वाले ‘राजपथ’ का नाम 2022 में बदल कर ‘कर्तव्य पथ’ कर दिया था.
पहले इसका नाम जार्ज पंचम के नाम पर ‘किंग्स वे’ था, आज़ादी के बाद इसका नामकरण ‘राजपथ’ कर दिया गया.इससे पहले अगस्त 2015 में दिल्ली नगर पालिका परिषद ने ‘औरंगज़ेब रोड’ का नाम बदलकर ‘एपीजे अब्दुल कलाम रोड’ कर दिया. हालाँकि अलग-अलग स्तरों पर इस सड़क का नाम सरदार पटेल के नाम पर करने की मांग होती रही थी.
महाराष्ट्र के जिस औरंगाबाद का नाम बदलने की मांग होती रही है वहां औरंगज़ेब की मृत्यु हुई थी और वहीं उनका मकबरा भी है.ये दावा किया जाता है कि औरंगाबाद का नाम भी औरंगज़ेब ने ही रखा था.अस्सी के दशक से ही औरंगाबाद का नाम ‘संभाजीनगर’ किए जाने की मांग शिवसेना करती रही है और पिछले साल ही अपनी सरकार बचाने की आखिरी कोशिश में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की कैबिनेट ने जून 2022 में इसका नाम बदलने का आदेश जारी कर दिया.
लेकिन जैसे ही बीजेपी के गठबंधन की सरकार सत्ता में आई उसने इसका नाम फिर से बदलने का फरमान दे दिया. इस बार उसने औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम ‘छत्रपति संभाजीनगर’ और ‘धाराशिव’ कर दिया.और पीछे जाएं तो मुंबई का नाम पहले बंबई या बॉम्बे हुआ करता था, जिसका नाम 1995 में तत्कालीन शिव सेना सरकार में बदला गया. इसी तरह 1996 में मद्रास को चेन्नई और 2001 में कलकत्ता का नाम कोलकाता कर दिया गया.
