
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : रायपुर, विधानसभा में पारित आरक्षण संबंधी दोनों संशोधन विधेयकों को पांच दिन बाद भी राजभवन से मंजूरी नहीं मिली है। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल अनुसुईया उइके ने इन पर हस्ताक्षर न कर विधेयकों की कानूनी चुनौतियों को लेकर राज्य के अफसरों और विधि विशेषज्ञों से बात की है।
विशेषज्ञों की मानें तो यदि सरकार संतुष्ट नहीं कर पाई तो राज्यपाल विधेयकों को विचार के लिए राष्ट्रपति के पास भेज सकती हैं। बता दें राज्य विधानसभा से तीन दिसंबर को पारित आरक्षण संशोधन विधेयक 2022 पर राज्यपाल अनुसुईया उइके की मुहर लगना अभी बाकी है। जानकारों के अनुसार राज्यपाल के पास संवैधानिक अधिकार है। वह चाहें तो इस विधेयक को स्वीकृत, अस्वीकृत अथवा राष्ट्रपति को विचार के लिए भेज सकती हैं।
वहीं बुधवार को मंत्री अमरजीत भगत ने राज्यपाल उइके से मुलाकात कर विधेयकों पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया है। भगत ने कहा कि राज्यपाल ने एक-दो दिन में हस्ताक्षर करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल अनुसूचित जाति को 13 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति को 32 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को चार प्रतिशत आरक्षण के नए प्रविधान लागू नहीं हो पाए हैं। राज्य सरकार के प्रवक्ता और कृ षि मंत्री रविंद्र चौबे ने मीडिया से चर्चा में कहा कि राज्यपाल और उनके कार्यों को हम राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहते।
उम्मीद है कि विधानसभा में पारित विधेयक को वह अनुमति दे देंगी। राज्यपाल ने खुद विधेयक लाने की बात भी की थी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि राज्यपाल कानूनी सलाह लेकर यह पता करना चाहती हैं कि भविष्य में यह मामला किसी अदालत में खारिज न हो जाए। उनका उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ की जनता को न्याय मिले, लेकिन कांग्रेस का उद्देश्य दूसरा है।
