

तारलागुड़ा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों से परिवार और समाज को भी प्रेरित करने की अपील
रायपुर, 11 अक्टूबर 2026


सेवा संकल्प अभियान के तहत बीजापुर जिले के तारलागुड़ा में आयोजित कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। बालक पोर्टाकेबिन तारलागुड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करती है। विशेष रूप से किशोरावस्था में नशे से दूरी बनाए रखना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, खेलकूद, योग और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम तारलागुड़ा तथा कन्या एवं बालक पोर्टाकेबिन तारलागुड़ा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। दूरस्थ अंचल में आयोजित इस पहल के माध्यम से बच्चों और युवाओं तक नशामुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाया गया।








