

सुरक्षित कार्यसंस्कृति को औद्योगिक उत्कृष्टता की आधारशिला बताया, ‘लाइन ऑफ फायर’ और ‘जीरो टॉलरेंस’ नियम पर दिया जोर
प्रविष्टि तिथि: 04 AUG 2026 6:59PM
भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में कार्यस्थल सुरक्षा और उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 36 संविदा कर्मियों को ‘सुरक्षा सजगता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह 4 अगस्त को कोक ओवन सभागार में आयोजित किया गया।


समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) तुलाराम बेहरा ने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई की सफलता केवल उत्पादन तक सीमित नहीं होती, बल्कि मजबूत सुरक्षा संस्कृति और सुव्यवस्थित कार्यस्थल भी उसकी महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित कार्य वातावरण दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ परिचालन दक्षता एवं उत्पादकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सुरक्षा एवं उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के प्रति कर्मियों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

समारोह में पांच कर्मचारियों को ‘सुरक्षा सर्वोत्तम पुरस्कार’, छह कर्मचारियों को ‘सुरक्षा अनमोल पुरस्कार’ तथा 25 कर्मचारियों को ‘सुरक्षा दक्ष पुरस्कार’ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग) बी. सी. मंडल ने औद्योगिक सुरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांत ‘लाइन ऑफ फायर’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर अनेक दुर्घटनाएं तब होती हैं, जब कर्मचारी अनजाने में गतिशील उपकरणों, लटके हुए भार, दाबयुक्त प्रणालियों अथवा संचित ऊर्जा के प्रभाव क्षेत्र में आ जाते हैं। उन्होंने संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने, सतर्कता बनाए रखने और प्रत्येक कार्य से पहले जोखिमों का समुचित आकलन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विभागीय सुरक्षा अधिकारी आशुतोष प्रधान ने सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने में ‘जीरो टॉलरेंस रूल’ के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि असुरक्षित कार्य व्यवहार, असुरक्षित परिस्थितियों तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के उल्लंघन के प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का पूर्ण निष्ठा और अनुशासन के साथ पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (ऑपरेशन) टी. के. मुखर्जी तथा महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल) के. नंद कुमार ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी की साझा जिम्मेदारी है और उत्कृष्ट हाउसकीपिंग सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल की आधारशिला है। उन्होंने सुरक्षा अभियानों में सक्रिय सहभागिता, अनुशासन और सतत सजगता बनाए रखने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी कार्यसंस्कृति परिचालन उत्कृष्टता, कार्यकुशलता और उत्पादकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र ने सुरक्षित एवं अनुशासित कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा सुरक्षा और उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के प्रति समर्पित कर्मियों के योगदान को पहचान एवं सम्मान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (सुरक्षा) संतोष पराशर एवं विकास गजभिये ने किया।
*****
आरडीजे/बीकेटी





















