

प्रविष्टि तिथि: 04 AUG 2026 6:55PM
भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्रणी उत्पादन इकाई बार एवं रॉड मिल में कैपिटल रिपेयर के शुभारंभ के अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति उत्कृष्ट उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन और संगठन की दीर्घकालिक सफलता का आधार है। प्रत्येक कार्मिक का पहला दायित्व स्वयं के साथ-साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

सुरक्षा संवाद के दौरान राकेश कुमार ने कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली व्यावहारिक सुरक्षा सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ऑक्सीजन सिलेंडरों के सुरक्षित परिवहन, गैस कटिंग सेट के सुरक्षित संचालन तथा क्रेन के संचालन एवं आवाजाही के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए निर्धारित कार्य-पद्धतियों और सुरक्षा मानकों का अनुशासन एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन आवश्यक है।

उन्होंने ऊंचाई पर कार्य करते समय व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग, कार्य शुरू करने से पहले संभावित जोखिमों का समुचित आकलन तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के पूर्ण अनुपालन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक कर्मचारी सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करेगा, तभी भिलाई इस्पात संयंत्र के ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य को वास्तविकता में बदला जा सकेगा।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान बार एवं रॉड मिल के विभागाध्यक्ष एवं मुख्य महाप्रबंधक (बार एवं रॉड मिल तथा यूनिवर्सल रेल मिल) योगेश शास्त्री सहित विभागीय कार्यपालक, गैर-कार्यपालक कर्मचारी और बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्मिकों ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कार्य-पद्धतियों के अनुरूप प्रत्येक कार्य निष्पादित करने तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के ‘शून्य दुर्घटना’ लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय एवं सार्थक योगदान देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।





















