

नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु बैंकर्स के साथ समीक्षा
Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत अब तक तीनों ट्रेंच में कुल 32656 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका, 51. 79 करोड़ की ऋण राशि का वितरण किया जा चुका

रायपुर – प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नवीन ऋण आवेदनों एवं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (तीनों ट्रेंच) से संबंधित स्वीकृत तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु आज रायपुर नगर पालिक निगम में बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा द्वारा की गई। बैठक में उपायुक्त (पीएम स्वनिधि ) डॉ अंजलि शर्मा, मिशन मैनेजर (पीएम स्वनिधि ) सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगणों की उपस्थिति रही।
बैठक में बैंकवार लंबित नवीन आवेदनों एवं स्वीकृत होकर भी वितरण लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र पथ विक्रेताओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध रूप से ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (थ्री ट्रेंचेज ) के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बैंक एवं निगम के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने पर विशेष बल दिया गया।
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अब तक तीनों ट्रेंच में कुल 32,656 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है तथा ₹51.79 करोड़ की ऋण राशि का वितरण किया जा चुका है।
योजना के अंतर्गत नए आवेदन कराने के इच्छुक पात्र पथ विक्रेता रायपुर नगर पालिक निगम, तृतीय तल, कक्ष क्रमांक 411 स्थित पीएम स्वनिधि कार्यालय अथवा अपने निकटतम चॉइस सेंटर में संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा सभी संबंधित बैंकों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया, जिससे शहर के अधिकाधिक पात्र पथ विक्रेताओं को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा सके एवं वे आत्मनिर्भर बन सकें।





















