

प्रविष्टि तिथि: 03 AUG 2026 4:58PM
सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने की अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (ICAR-NIBSM), रायपुर में सोमवार को “युवा सशक्तिकरण एवं नशामुक्ति” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था।


कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं प्रसिद्ध होम्योपैथिक सुपर स्पेशलिस्ट डॉ. नीता शर्मा ने देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है, जिसके प्रभावी समाधान के लिए जन-जागरूकता, समय पर परामर्श, पारिवारिक सहयोग तथा समाज की सामूहिक भागीदारी अनिवार्य है। डॉ. शर्मा ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार, भावनात्मक सुदृढ़ता तथा नैतिक मूल्यों को अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। व्याख्यान के उपरांत आयोजित संवादात्मक सत्र में उन्होंने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि जागरूक, स्वस्थ एवं संस्कारित युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मूल्यपरक शिक्षा एवं सतत जन-जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान के प्रेरक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. अनिल दीक्षित, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. के. के. मंडल, डॉ. डेज़ी बसंद्राई, संस्थान के वैज्ञानिक, शोधार्थी, विद्यार्थी तथा प्रशासनिक, वित्त एवं तकनीकी विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विशेषज्ञ व्याख्यान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. के. सी. शर्मा के समन्वय में किया गया, जबकि अंत में डॉ. योगेश येले ने सभी अतिथियों, वक्ता एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन युवाओं को सशक्त बनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।





















