










राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की सांस्कृतिक समिति द्वारा 20 फरवरी 2026 को संस्थान के तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव एक्लेक्टिका 2026 का भव्य शुभारंभ अत्यंत उत्साह के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव थे। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. एन. डी. लोंढे, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) डॉ. मनोज चोपकर सहित प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत में डॉ. मनोज चोपकर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए एक्लेक्टिका को इंजीनियरिंग बुद्धिमत्ता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का संगम बताया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव विद्यार्थियों में टीमवर्क की भावना को प्रोत्साहित करता है और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है। डॉ. एन. डी. लोंढे ने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने तथा परिसर की मर्यादा अनुसार उत्सव का आनंद लेने की सलाह दी। इस अवसर पर एक्लेक्टिका 2026 की परिकल्पना पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें तीन थीम आधारित संध्याएँ सेलेब नाइट, कल्ट नाइट और ईडीएम नाइट तथा सात मेगा इवेंट्स की जानकारी साझा की गई।

डॉ. एन. वी. रमना राव ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव विद्यार्थियों के समग्र विकास, आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और आपसी सौहार्द (पीयर बॉन्डिंग) को बढ़ावा देते हैं तथा तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं। इसके पश्चात उन्होंने औपचारिक रूप से एक्लेक्टिका 2026 के शुभारंभ की घोषणा की।
उत्सव के प्रथम दिवस पर “कालोप्सिया” नामक कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जो हैरी पॉटर की थीम पर आधारित थी। इसके अतिरिक्त “एलुर” कार्यक्रम में गायन, कविता, कहानी कथन तथा फैशन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। क्लैश ऑफ कोरियोस में जनाबे आली और बम भोले बम बम जैसे गानों पे प्रस्तुती दी , जिससे संस्थान का माहोल खुशनुमा हो उठा | इस भव्य उत्सव का पहला दिन ई डी एम् नाईट के साथ संपन्न हुआ ,जिसका सभी विद्यार्थियों ने भरपूर आनंद लिया |
तीन दिवसीय इस महोत्सव में परिसर भर में विविध प्रतियोगिताएँ एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पिक्सल लेन, कालोप्सिया, एलुर, क्लैश ऑफ कोरियोस, एक्लेक्टिका आइडल, तफरी, आविर्भाव और गूंज जैसे आकर्षक आयोजन शामिल हैं। संध्याकालीन कार्यक्रम मुख्य मंच पर ईडीएम नाइट, आर्टिस्ट नाइट और कल्ट नाइट के रूप में भव्य प्रस्तुतियों के साथ संपन्न होंगे।
एक्लेक्टिका 2026 संस्कृति, सृजनशीलता और सहयोग का उत्सव है, जो एनआईटी रायपुर की विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।








