




Raipur chhattisgarh VISHESH : भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के तत्वावधान में रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय “पश्चिम क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता 2025-26” का आज भव्य समापन हो गया। महालेखाकार आवासीय परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन समारोह उल्लासपूर्ण रहा, जहाँ प्रधान महालेखाकार श्री यशवंत कुमार ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। 19 जनवरी शुरू हुए इस खेल महाकुंभ में पश्चिम क्षेत्र के 09 अलग-अलग कार्यालयों के 61 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

(कार्यालय प्रधान महालेखाकार, महाराष्ट्र (नागपुर) , विजेता टीम)

प्रतियोगिता के दौरान सबसे कड़ा मुकाबला टीम संवर्ग में देखा गया, जहाँ कार्यालय प्रधान महालेखाकार, महाराष्ट्र (नागपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रधान निदेशक लेखापरीक्षा (केंद्रीय) मुंबई को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पुरुष एकल वर्ग में भी नागपुर का दबदबा कायम रहा, जहाँ श्री राजू भायसारे ने शुरुआती पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की और मुंबई के श्री जीतेन्द्र काले को 12-15, 25-0, 25-06 के अंतर से शिकस्त देकर ‘कैरम किंग’ का खिताब जीता।
मीडिया से बात करते हुए श्री यशवंत कुमार, प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), छत्तीसगढ़ ने कहा “इस तीन दिवसीय आयोजन में हमें न केवल तकनीकी कौशल बल्कि उत्कृष्ट खेल भावना के दर्शन हुए। हार-जीत से परे, सभी 09 टीमों के खिलाड़ियों ने जिस अनुशासन और ऊर्जा का परिचय दिया है, वह विभाग के लिए गौरव की बात है। मैं सभी विजेताओं को बधाई देता हूँ और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करता हूँ।”

(वेटरन संवर्ग में कार्यालय प्रधान महालेखाकार, छत्तीसगढ़, रायपुर के श्री हेमराज बाबने ने कार्यालय प्रधान महालेखाकार, राजस्थान, जयपुर के श्री रहीसुद्दीन को 14-18, 23-20, 20-13 से पराजित करते हुए ख़िताब अपने नाम कर लिया।)
महिला वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मुंबई की श्रीमती ऑड्रे मारिया डिसूजा ने मेजबान छत्तीसगढ़ की श्रीमती कविता विनय को एक संघर्षपूर्ण मैच में 18-25, 22-08, 15-10 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, छत्तीसगढ़ के लिए खुशी का पल वेटरन संवर्ग में आया, जहाँ रायपुर के श्री हेमराज बाबने ने राजस्थान के श्री रहीसुद्दीन को 14-18, 23-20, 20-13 से पराजित कर घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया।
समापन समारोह के अवसर पर महालेखाकार श्री मोहम्मद फैज़ान नय्यर और उपमहालेखाकार श्रीमती जी. एळिलरसी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए चीफ रैफरी श्री शकील अख्तर और उनकी टीम की विशेष सराहना की गई। अंत में प्रधान महालेखाकार ने सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन के औपचारिक समापन की घोषणा की।





















