

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार वर्ष 2025 तक राष्ट्रीय राजमार्ग के नेटवर्क को दो लाख किलोमीटर तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है. इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बात कही. गडकरी ने बुनियादी ढांचे के विकास में गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने के लिए नए विचारों, शोध निष्कर्षों और प्रौद्योगिकियों के लिए ‘इनोवेशन बैंक’ की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा.

केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने कहा, ”हमारी सरकार वर्ष 2025 तक राष्ट्रीय राजमार्ग के नेटवर्क को दो लाख किलोमीटर तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है.” केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले आठ साल के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई 50 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1.47 लाख किलोमीटर हो गई है, जो 2014 में 91,000 किलोमीटर थी.सरकार पूर्वोत्तर राज्यों में विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एनएचआईडीसीएल) इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. गडकरी ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर क्षेत्र में अबतक 45,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,344 किलोमीटर राजमार्ग का निर्माण हुआ है.”








