

आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है.
राजस्थान के कोटा में एक और नीट कोचिंग स्टूडेंट ने किया सुसाइड
राजस्थान के कोटा में विद्यार्थियों की खुदकुशी के बढ़ते मामले पर लगाम लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की बनाई गाइडलाइन भी अब तक कामयाब होती नज़र नहीं आ रही है.

मंगलवार की सुबह शहर में नीट की कोचिंग कर रहे 20 साल के उरूज ने अपने फ्लैट में खुदकुशी कर ली. पुलिस को सूचना मिलने के बाद शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमृता दुहान ने बताया कि, “उत्तर प्रदेश के कन्नौज का रहने वाला मृतक स्टूडेंट क़रीब दो साल से कोटा में रह कर कोचिंग कर रहा था.”
मृतक के परिजनों से मुलाक़ात कर बात कर रहीं एसपी ने कहा, मृतक स्टूडेंट के परिजन शाम को ही कोटा पहुंचे हैं. अब शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा. वे कहती हैं, परिजनों ने बताया कि सोमवार रात ही उनकी स्टूडेंट से बात हुई थी. वह कुछ परेशान लग रहा था.
पुलिस-प्रशासन के लगातार हो रहे प्रयास और सरकारों की गाइडलाइन के बावजूद कोटा में स्टूडेंट की खुदकुशी के मामले सामने आ ही रहे हैं. इस साल 24 जनवरी से अब तक छह स्टूडेंट ने खुदकुशी कर ली है. पिछले साल कोटा में रहकर कोचिंग करने वाले 25 स्टूडेंट ने खुदकुशी की थी.
स्टूडेंट्स के बढ़ते खुदकुशी के मामलों पर रोक लगाने के लिए बीते जनवरी में ही केंद्र सरकार ने कोचिंग संस्थानों और हॉस्टल के लिए नई गाइडलाइन जारी की थी. पिछले साल राजस्थान की तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार ने भी एक कमेटी गठित कर गाइडलाइन जारी की थी.
अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.
समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)
इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमून बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज़- 9868396824, 9868396841, 011-22574820
हितगुज हेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 – 26995000








