

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सत्तारूढ़ बीजेपी ‘‘शोर बहुत मचाती’’ है लेकिन उसमें संविधान को ‘बदलने’ का साहस नहीं है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सच्चाई और देश की जनता उनके साथ है।

बीजेपी सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने हाल में कहा था कि उनकी पार्टी को संविधान में संशोधन करने के लिए और ‘कांग्रेस द्वारा इसमें जोड़ी गईं अनावश्यक चीजों को हटाने के लिए’ संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। इसके बाद बीजेपी ने हेगड़े की टिप्पणियों से पैदा हुए विवाद को शांत करने की कवायद में इसे उनका ‘‘निजी विचार’’ बताया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा था।
राहुल गांधी मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ करने के बाद यहां एक सभा को संबोधित कर रहे थे। अगस्त क्रांति मैदान में ही ब्रिटिश राज से आजादी के लिए भारत के संघर्ष के दौरान 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा, “बीजेपी बहुत शोर मचाती है लेकिन उसमें संविधान को बदलने का साहस नहीं है। सच्चाई और लोगों का समर्थन हमारे साथ है।”








