

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का किया वाचन

रायपुर, 26 जनवरी 2024

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में उमंग और उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा के सांसद श्री सुनील सोनी ने सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण कर तिरंगे झंडे को सलामी दी और मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस दौरान श्री सोनी ने कलेक्टर श्री के एल चौहान और एसपी श्री आशुतोष सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया और जनता का अभिवादन किया। मुख्य अतिथि श्री सोनी ने इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी और शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। श्री सोनी ने हर्ष और उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। शासन के विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








