







Raipur chhattisgarh VISHESH // “ऑयल पाम की खेती पर अल नीनो का प्रभाव, जोखिम तथा उससे बचाव हेतु अपनाए जाने वाले उपायों” के सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम तथा तकनिकी चर्चा का आयोजन दिनांक 17 नवंबर 2026 को पं. के.एल.एस. उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र (सी. एच.आर.एस.), राजनांदगांव में आयोजित किया गया। उक्त आयोजन संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा सी.एच.आर.एस. के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।
कार्यक्रम में ICAR-भारतीय ऑयल पाम अनुसंधान संस्थान (IIOPR), पेदावेगी, आंध्र प्रदेश के डॉ. जी. रविचंद्रन, डॉ. एम. वी. प्रसाद (प्रधान वैज्ञानिक) एवं डॉ. के. मनोरमा ने विषय विशेषज्ञों के रूप में सहभागिता की। उन्होंने गुणवत्तायुक्त ऑयल पाम रोपण सामग्री के उत्पादन, ऑयल पाम की खेती हेतु अनुशंसित उत्पादन तकनीकों एवं कृषि कार्यमालाओं, अल नीनो के कारण ऑयल पाम की खेती पर पड़ने वाले प्रभाव तथा इन प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने के लिए उपयुक्त शमन उपायों पर विस्तृत तकनीकी व्याख्यान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में कुल 72 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, विद्यार्थी एवं तकनीकी कर्मचारी शामिल थे। सभी प्रतिभागियों ने तकनीकी सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा ऑयल पाम की वैज्ञानिक खेती की उन्नत तकनीकों एवं जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों, विभागीय अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के बीच जलवायु संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ऑयल पाम की टिकाऊ एवं सतत खेती के लिए वैज्ञानिक प्रबंधन तकनीकों का ज्ञान प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान आयोजित तकनीकी सत्रों में जलवायु-अनुकूल खेती की पद्धतियों तथा ऑयल पाम उत्पादन पर अल नीनो के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने के लिए अपनाए जाने वाले विभिन्न वैज्ञानिक उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उद्यानिकी विभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक श्री सुरेश कुमार ठाकुर, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलपति प्रोफेसर आर. आर. सक्सेना, विश्वविद्यालय के अनुसंधान सेवा निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह, पं. के. एल.एस. उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, राजनांदगांव के अधिष्ठाता डॉ. यू. बी. देशमुख एवं उद्यानिकी विभाग जिला राजनंदगांव के प्रभारी सहायक संचालक श्री आर के मेहरा का महत्वपूर्ण सहयोग एवं समन्वय प्राप्त हुआ।







