

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : रायपुर, 16 अक्टूबर 2022/ विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भानुप्रतापपुर के विधायक तथा विधानसभा उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंह मंडावी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में डॉ. महंत ने कहा कि, मंडावी वरिष्ठ आदिवासी नेता थे। उन्होंने नवगठित छत्तीसगढ़ के गृह राज्यमंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया और प्रदेश की सेवा की। वे वर्ष 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के तथा वर्ष 2013 और 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। मंडावी छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे।

डॉ महंत ने कहा कि, वे अत्यंत सरल, सहज एवं मृदुभाषी थे। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनेता को खो दिया है। विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में सदन के संचालन में उनकी भूमिका सदैव यादगार रहेगी। उन्होंने कहा कि मनोज सिंह मंडावी आदिवासी समाज के बड़े नेता थे। वे आदिवासियों की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावशाली ढंग से रखते थे। मंडावी आदिवासी समाज की उन्नति और अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहे। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनका निधन हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है।
डॉ. चरणदास महंत ने श्री मनोज सिंह मंडावी के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
मीडिया विभाग
मान. अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ विधानसभा
Write








