


# दुनिया भर के सिख आज सिख धर्म के चौथे गुरु धन धन श्री गुरु राम दास साहेब जी का 488 वां प्रकाश उत्सव मना रहे हैं. प्रकाश पर्व के इस खास अवसर पर छत्तीसगढ़ विशेष के सम्पादक मनप्रीत सिंह ने दी प्रदेश वासियों को शुभकामनाए दी l
Report manpreet singh

Raipur chhattisgarh VISHESH : धन धन श्री गुरु रामदास साहेब जी का प्रकाश (जन्म) कार्तिक वदी 2, विक्रमी संवत् 1591 (24 सितंबर सन् 1534) को पिता हरदास जी के घर माता दयाजी की कोख से लाहौर (अब पाकिस्तान में) की चूना मंडी में हुआ था। श्री रामदासजी सिखों के चौथे गुरु थे। उनके जन्मदिवस को प्रकाश पर्व या गुरुपर्व भी कहा जाता है lबाल्यकाल में आपको ‘भाई जेठाजी’ के नाम से बुलाया जाता था। छोटी उम्र में ही आपके माता-पिता का स्वर्गवास हो गया। इसके बाद बालक जेठा अपने नाना-नानी के पास बासर के गांव में आकर रहने लगे। कम उम्र में ही आपने जीविकोपार्जन प्रारंभ कर दिया था।
कुछ सत्संगी लोगों के साथ बचपन में ही आपने धन धन गुरु श्री अमरदास जी साहेब के दर्शन किए और आप उनकी सेवा में पहुंचे। आपकी सेवा से प्रसन्न होकर धन धन श्री गुरु अमरदास जी ने अपनी बेटी भानीजी का विवाह भाई जेठा जी से करने का निर्णय लिया। आपका विवाह होने के बाद आप धन धन श्री गुरु अमरदास साहेब जी की सेवा जमाई बनकर न करते हुए एक सिख की तरह तन-मन से करते रहे।
धन धन गुरु अमरदास साहेब जी जानते थे कि जेठाजी गुरुगद्दी के लायक हैं, पर लोक-मर्यादा को ध्यान में रखते हुए आपने उनकी परीक्षा भी ली। उन्होंने अपने दोनों जमाइयों को ‘थडा’ बनाने का हुक्म दिया। शाम को वे उन दोनों जमाइयों द्वारा बनाए गए थडों को देखने आए। थडे देखकर उन्होंने कहा कि ये ठीक से नहीं बने हैं, इन्हें तोड़कर दोबारा बनाओ।
धन धन गुरु अमरदास जी साहेब का आदेश पाकर दोनों जमाइयों ने दोबारा थडे बनाए। गुरु साहेब ने दोबारा थडों को नापसंद कर दिया और उन्हें दुबारा से थडे बनाने का हुक्म दिया। इस हुक्म को पाकर दुबारा थडे बनाए गए। पर अब जब धन धन गुरु अमरदास साहेब जी ने इन्हें फिर से नापसंद किया और फिर से बनाने का आदेश दिया, तब उनके बड़े जमाई ने कहा- ‘मैं इससे अच्छा थडा नहीं बना सकता’। पर भाई जेठाजी ने धन धन श्री गुरु अमरदास जी साहेब का हुक्म मानते हुए दोबारा थडा बनाना शुरू किया। यहां से यह सिद्ध हो गया कि भाई जेठाजी ही गुरुगद्दी के लायक हैं।
भाई जेठाजी (धन धन श्री गुरु रामदास साहेब जी) को 1 सितंबर सन् 1574 ईस्वी में गोविंदवाल जिला अमृतसर में धन धन श्री गुरु अमरदास जी साहेब द्वारा गुरुगद्दी सौंपी गई। 16वीं शताब्दी में सिखों के चौथे धन धन श्री गुरु रामदास साहेब जी ने एक तालाब के किनारे डेरा डाला जिसके पानी में अद्भुत शक्ति थी।इसी कारण इस शहर का नाम अमृत+सर (अमृत का सरोवर) पड़ा। धन धन श्री गुरु रामदास साहेब जी के पुत्र ने तालाब के मध्य एक मंदिर (गुरुद्वारा) का निर्माण कराया, जो आज अमृतसर, स्वर्ण मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है।








