
प्रविष्टि तिथि: 24 JUN 2026 6:00PM by PIB Raipur
Raipur chhattisgarh VISHESH / छत्तीसगढ़ के पेंशनभोगियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पेंशन सेवाओं को अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से रायपुर स्थित संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ परिमंडल कार्यालय में “पेंशन संवाद” कार्यक्रम का आज आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा श्री प्रेम प्रकाश ने की। इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ दूरसंचार विभाग के अनेक पेंशनभोगियों ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ परिमंडल के भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम के दौरान पेंशनभोगियों द्वारा पारिवारिक पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, ‘संपन्न’ (SAMPANN – System for Accounting and Management of Pension) पोर्टल से संबंधित मुद्दों तथा अन्य पेंशन मामलों से जुड़ी शिकायतें एवं सुझाव प्रमुखता से प्रस्तुत किए गए। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पेंशनभोगियों की इन समस्याओं और शिकायतों का तत्परता से निवारण किया गया तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।


पेंशनभोगियों को संबोधित करते हुए संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा श्री प्रेम प्रकाश ने पेंशन संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं, आवश्यक सावधानियों और समय-समय पर अपने अभिलेखों को अद्यतन (update) रखने के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न डिजिटल सुविधाओं से भी सभी को अवगत कराया तथा उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। इस अवसर पर वरिष्ठ लेखा अधिकारी श्रीमती सस्मिता देवी सहित पेंशन अनुभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।





















