
अम्बिकापुर, 10 मई 2026
राज्य शासन द्वारा योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आयोजित सुशासन तिहार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। जिले के लूण्ड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत घोघरा की रहने वाली ममता पैकरा के लिए यह आयोजन खुशियों की सौगात लेकर आया, जहाँ लंबे समय से लंबित उनके राशन कार्ड का आवेदन न केवल स्वीकार हुआ, बल्कि उन्हें मौके पर ही राशन कार्ड प्रदान कर दिया गया।

बच्चों के बेहतर भविष्य की जगी उम्मीद
ममता ने बताया कि राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें पिछले काफी समय से राशन जुटाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके बेहतर पोषण और परवरिश की चिंता उन्हें हमेशा सताती थी। कार्ड प्राप्त होने के बाद अपनी खुशी साझा करते हुए महिला ने कहा, इतने दिनों से राशन कार्ड नहीं होने से मुझे बहुत तकलीफ हो रही थी। सुशासन तिहार वाकई मेरे लिए समाधान लेकर आया है। आज मुझे राशन कार्ड मिल गया है, अब मैं अपने बच्चों का पालन-पोषण अच्छे से कर सकूँगी।
सुशासन तिहार त्वरित निराकरण
ममता ने बताया कि उन्होंने राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया था, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्ड उपलब्ध कराया। यह त्वरित समाधान शासन-प्रशासन के प्रति आम जन के विश्वास को और मजबूत करता है।
योजना के लिए जताया आभार
योजना का लाभ सीधे और सहज रूप से मिलने पर ममता ने मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील पहल के कारण आज उनके जैसे कई गरीब परिवारों की बुनियादी जरूरतें पूरी हो रही हैं।





















