
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH मोदी सरनेम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को दिए हलफ़नामे में सज़ा पर रोक लगाए जाने की मांग की.मोदी सरनेम मामले में टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि के तहत दोषी ठहराया गया था और इस फ़ैसले को उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट में निलंबित करने की अपील भी की थी.
लेकिन हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फ़ैसले से राहत देने से इनकार कर दिया था. राहुल गांधी ने मई 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरनेम से जुड़ा एक विवादित बयान दिया था. राहुल गांधी पर आरोप लगा था कि उन्होंने पूरे मोदी समुदाय की प्रतिष्ठा पर चोट पहुँचाई है.
गुजरात में बीजेपी के विधायक और पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल के ख़िलाफ़ आपराधिक मानहानि का मामल दर्ज कराया था. राहुल गांधी ने कहा था कि जब उन्होंने यह बयान दिया था तब उनका इरादा किसी समुदाय की प्रतिष्ठा को चोट पहुँचाने का नहीं था.
राहुल गांधी ने अपने हलफ़नामे में लिखा है कि उन्होंने हमेशा कहा है कि वो इस मामले में दोषी नहीं हैं और ये सज़ा बरक़रार रखने लायक नहीं है. हलफ़नामे के अनुसार, अगर उन्हें माफ़ी मांगनी होती और सज़ा को कम कराना होता तो ऐसा वे पहले ही कर चुके होते.
इसमें कहा गया है शिकायतकर्ता गुजरात के विधायक पुर्णेश ईश्वरभाई मोदी ने सुप्रीम कोर्ट को दिए अपने जवाब में राहुल गांधी का ज़िक्र करते समय ‘अहंकारी’ शब्द का इस्तेमाल किया क्योंकि उन्होंने माफ़ी मांगने से इनकार कर दिया है. आपराधिक प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए और जनप्रतिनिधित्व क़ानून के तहत राहुल गांधी पर बिना किसी ग़लती के माफ़ी मांगने का दबाव डाला जा रहा है, जोकि न्यायिक प्रक्रिया का घोर दुरुपयोग है और इसे कोर्ट को स्वीकार नहीं करना चाहिए.
हलफ़नामे में कहा गया है कि, बहुत मामूली अपराध को देखते हुए यह बहुत असाधारण मामला है और एक चुने हुए सांसद के रूप में याचिकाकर्ता को अपूर्णीय क्षति हुई है. राहुल गांधी ने हलफ़नामे में कहा इसलिए अपील है कि याचिकाकर्ता (राहुल गांधी) की सज़ा पर स्टे दिया जाए ताकि वो लोकसभा के मौजूदा और आगे आने वाले सत्रों में हिस्सा ले सकें







