
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH हरियाणा के मेवात में एक धार्मिक यात्रा के दौरान सोमवार को दो गुटों के बीच हिंसा हुई. इस हिंसा में कई संपत्तियों को आग लगाई गई और क़रीब 12 लोगों के घायल होने की ख़बर है. इस हिंसा के बाद इलाक़े में भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं और प्रशासन ने दो अगस्त तक इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया है.
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सांप्रदायिक हिंसा पर कहा आज की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं सभी लोगों से प्रदेश में शांति बनाए रखने की अपील करता हूँ. दोषी लोगों को किसी भी क़ीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उनके ख़िलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन हाई अलर्ट पर है और गुरुग्राम में मंगलवार को सभी शिक्षण संस्थान बंद करने का प्रशासन ने एलान किया गया है.
गुरुग्राम प्रशासन ने अपने बयान में कहा- पड़ोसी ज़िले नूंह में असमाजिक तत्वों ने रोड ब्लॉक की हुई हैं ताकि शांति भंग की जा सके. इसी के मद्देनज़र सावधानी बरतते हुए मंगलवार को स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे.
गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद में भी प्रशासन ने यही एलान किया है. फरीदाबाद प्रशासन ने कहा- ज़िला नूंह में सोमवार को हुए सांप्रदायिक तनाव के बाद एहतियातन कदम उठाते हुए मंगलवार को फरीदाबाद जिला के सभी शिक्षण संस्थानों जिनमें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटरशामिल हैं, की छुट्टी रहेगी. सभी शिक्षण संस्थान इन आदेशों का गंभीरता से पालन करेंगे.
सोमवार को मेवात में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने यात्रा आयोजित की थी. इस यात्रा में मोनू मानेसर के शामिल होने से इलाके के लोगों में गुस्सा था. मोनू मानेसन जुनैद हत्या मामले में अभियुक्त हैं और अब तक फरार चल रहे हैं. मोनू मानेसर ने भी इस यात्रा में शामिल होने की बात रविवार को कही थी.







