
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH क्या 18 साल से कम उम्र के युवा को यौन संबंध बनाने की सहमति देने का अधिकार मिलना चाहिए l विशेषकर तब जब भारत में 18 साल से कम उम्र वाले शख़्स को बालिग़ ही नहीं माना जाता है.
भारत में इंडियन मेजोरिटी एक्ट, 1875 के अनुसार 18 साल के युवा व्यस्क या बालिग़ माने गए हैं और इसके साथ ही उन्हें कई अधिकार भी दिए गए हैं.
संविधान के 61वें संशोधन में 18 साल के युवा को मतदान, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का अधिकार दिया गया.वहीं बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के मुताबिक़ शादी के लिए भारत में लड़की की उम्र 18 साल और लड़के की उम्र 21 साल होना अनिवार्य बताई गई है.
हालांकि अब शादी की उम्र बढ़ाए जाने को लेकर भी केंद्र सरकार विचार कर रही है. अब ये बहस भी तेज़ है कि सहमति की उम्र को 18 साल से कम किया जाना चाहिए.
मध्यप्रदेश और कर्नाटक हाई कोर्ट इस पर अपना पक्ष रख चुके हैं. भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ सहमति से बने रोमांटिक रिश्तों को पॉक्सो एक्ट के दायरे में लाने को लेकर चिंता ज़ाहिर कर चुके हैं.
‘सहमति की उम्र’ पर विधि आयोग ने महिला और बाल विकास मंत्रालय से अपने विचार देने को कहा है. लेकिन इस पर एक सवाल ये भी है कि अगर ‘सहमति की उम्र’ को घटाया जाता है तो इससे यौन अपराधों से बच्चों के सरंक्षण के लिए बने क़ानून (पॉक्सो) के प्रावधानों और नाबालिग़ से जुड़े अन्य क़ानूनों पर भी असर होगा.
यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण के लिए पॉक्सो एक्ट 2012 लाया गया था. इसमें 18 साल से कम उम्र के व्यक्ति को ‘बच्चा’ परिभाषित किया गया है और अगर 18 साल से कम उम्र के साथ सहमति से भी संबंध बनाए जाते हैं तो वो अपराध की श्रेणी में आता है.
ऐसी स्थिति में दोनों अगर नाबालिग़ हैं तब भी यही प्रावधान लागू होता है.
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने हाल ही में केंद्र से महिलाओं की सहमति की उम्र घटाकर 16 करने का अनुरोध किया था. दरअसल कोर्ट के समक्ष 2020 में एक नाबालिग़ लड़की के साथ बारबार हुए बलात्कार और उसे गर्भवती करने का मामला सामने आया था. इस आरोप में एक व्यक्ति के ख़िलाफ़ दायर की गई एफ़आईआर को रद्द करने की मांग की गई थी.
इस मामले में जज का कहना था, 14 साल का हर लड़का या लड़की सोशल मीडिया को लेकर जागरुक है. उन्हें इंटरनेट की सुविधा भी आसानी से उपलब्ध है और वहीं बच्चे कम उम्र में प्यूबर्टी को हासिल कर रहे हैं. अदालत का कहना था कि प्यूबर्टी की वजह से लड़के और लड़की एक दूसरे के प्रति आकर्षित हो जाते हैं जिसका नतीजा ये होता है कि वे सहमति से शारीरिक संबंध बना लेते हैं.
इस मामले में जस्टिस कुमार अग्रवाल ने कहा, मैं भारत सरकार से अनुरोध करता हूं कि महिला शिकायतकर्ता की उम्र 18 से घटा कर 16 कर दी जाए ताकि किसी के साथ अन्याय न हो.
इस मामले में शिकायतकर्ता नाबालिग़ थी और वो याचिकाकर्ता से कोचिंग ले रही थी. कोर्ट का कहना था, कोर्ट इस समूह के किशोरों के शारीरिक और मानसिक विकास को देखे तो तार्किक तौर पर ये समझेगा कि ऐसा व्यक्ति अपनी चेतना से अपने भलाई का फ़ैसला ले सकता है.
आमतौर पर किशोर लड़के और लड़कियों में दोस्ती होती है और उसके बाद उनमें आकर्षण होता है और उनमें शरीरिक संबंध बनते हैं l वहीं पिछले साल कर्नाटक हाई कोर्ट ने कहा था कि विधि आयोग को सहमति से बनाए गए संबंधों में उम्र के मानदंडों पर दोबारा विचार करना चाहिए.
हाई कोर्ट की डिवीज़न बेंच का कहना था कि कोर्ट के सामने ऐसे कई आपराधिक मामले आ रहे हैं जहां 16 साल से ऊपर नाबालिग़ लड़कियों को लड़कों से प्यार हुआ हो. इन मामलों में लड़के नाबालिग़ थे या कुछ समय पहले ही बालिग़ हुए और उन्होंने इन लड़कियों के साथ संबंध बनाए.
इस मामले में कर्नाटक हाई कोर्ट ने विधि आयोग से संबंध बनाने के लिए सहमति की उम्र पर दोबारा विचार करने को भी कहा था.
इसी पृष्ठभूमि में विधि आयोग ने महिला और बाल विकास मंत्रालय से विचार मांगे हैं. सहमति की उम्र घटाए जाने को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही है.
एक पक्ष जहां ये कहता है कि आजकल के माहौल में सहमति की उम्र को घटाया जाना चाहिए तो दूसरा पक्ष इससे होने वाली दिक्कतों की लिस्ट गिनवाता है. हाई कोर्ट में वकील और महिला मामलों पर अपनी राय रखने वाली सोनाली कड़वासरा मानती हैं कि सहमति की उम्र घटाई जानी चाहिए.
वो इसका तर्क देते हुए कहती हैं, हम इस बात को लेकर चाहे असहज महसूस करें या स्वीकार न करें लेकिन हमारे समाज की ये सच्चाई है कि लड़के और लड़कियां 18 साल से कम उम्र में यौन संबंध बना रहे हैं. हालांकि मेरे पास इसबारे में कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है.”
वे बताती हैं, क़ानून के समक्ष जब ऐसे युवाओं के मामले आते हैं तो देखा जाता है कि परिवार इज़्ज़त के नाम पर लड़के के ख़िलाफ़ पॉक्सो का मामला लगा देते हैं.
वहीं कुछ मामलों में परिवार शादी के लिए बाद में मान जाते हैं लेकिन क़ानून तो वही सज़ा देगा जो प्रावधान होगा. सोनाली कहती हैं, ”सहमति की उम्र को 16 साल कर दिया जाए तो मैं इससे सहमत हूं क्योंकि पॉक्सो क़ानून आने से पहले अगर लड़के और लड़की 15 साल के होते थे और शादी कर लेते थे तो सज़ा माफ़ हो जाती थी. लेकिन पॉक्सो आने के बाद इस प्रावधान को ख़त्म कर दिया गया. ऐसे में मैं कर्नाटक हाई कोर्ट के पक्ष में हूं.”
लेकिन यहां एक सवाल ये भी है कि कोई ज़रुरी नहीं है कि लड़का और लड़की अगर शारीरिक संबंध बनाते ही हैं तो आगे जाकर शादी का विचार भी रखे और शादी करके अलग हो जाते हैं तो तब क्या होगा







