
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH भारतीय अधिकारियों ने सोमवार को उन ख़बरों को खारिज किया जिनमें दावा किया गया है कि लंदन में खालिस्तान समर्थक समूहों से जुड़ी हालिया घटनाओं के कारण भारत-ब्रिटेन व्यापार वार्ता ठप हो गई है.

ब्रिटिश मीडिया में आई रिपोर्टों में दावा किया गया था कि भारत ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर ब्रिटेन के साथ बातचीत को रोक दिया है क्योंकि वह पिछले महीने लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हुई घटनाओं के पीछे रहे समूहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहता है.पिछले महीने ब्रिटेन की राजधानी लंदन में उग्र भीड़ ने भारतीय उच्चायोग में हंगामा किया था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने भारतीय विदेश मंत्रालय के तीन अधिकारियों के हवाले से बताया है कि ये रिपोर्ट ‘निराधार है’ और बातचीत जारी रहेगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है. सूत्र ने कहा कि आधिकारिक वार्ता का अगला दौर 24 अप्रैल से लंदन में होने की संभावना है.
‘द टाइम्स’ अखबार ने ब्रिटिश सरकार के वरिष्ठ सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत सरकार व्यापार वार्ता से अलग हो गई है, जो पिछले साल जनवरी में शुरू हुई थी और यह स्पष्ट कर दिया था कि खालिस्तान समर्थक चरमपंथी समूहों की सार्वजनिक निंदा किए बिना कोई प्रगति नहीं होगी.
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए जिनमें भीड़ के हाथों में “खालिस्तान” के झंडे दिख रहे थे. इसी वीडियो में एक शख्स भारतीय उच्चायोग पर लगे तिरंगे को उतारता दिख रहा था. इस मामले के सामने आने के बाद भारत ने ब्रिटेन के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी.





















