
तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि नेटो के एयर डिफ़ेंस ने एक ईरानी मिसाइल को गिरा दिया है. उन्होंने दावा किया कि यह मिसाइल तुर्की की हवाई सीमा की तरफ़ बढ़ रही थी.
रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “मिसाइल इराक़ और सीरिया के हवाई क्षेत्र से गुज़रते हुए तुर्की की हवाई सीमा की ओर आ रही थी.”

तुर्की ने कहा है, “हम सभी पक्षों को चेतावनी देते हैं कि ऐसे क़दम उठाने से बचें जिनसे इस क्षेत्र में संघर्ष और ज़्यादा फैल सकता है.” तुर्की नेटो का सदस्य है. इससे पहले सऊदी अरब ने भी दावा किया था कि ईरान ने रास तानूरा में स्थित उनकी सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी पर हमले की कोशिश की.
वहीं दूसरी ओर इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने लेबनान की लितानी नदी के दक्षिण में रहने वाले लोगों से तुरंत इलाक़ा खाली करने के लिए कहा है.आईडीएफ़ ने नदी के दक्षिण में रहने वाले लोगों को उत्तर की ओर चले जाने के लिए कहा है. आईडीएफ़ ने कहा, “अपनी सुरक्षा के लिए आपको तुरंत अपने घर ख़ाली करने होंगे.”एक बयान में कहा गया है कि जो लोग “हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों, ठिकानों या हथियारों के नज़दीक हैं, वे अपनी जान ख़तरे में डाल रहे हैं.”बयान में आगे यह भी कहा गया, “कोई भी इमारत या घर जिसे हिज़्बुल्लाह अपने मिलिट्री काम के लिए इस्तेमाल करता है, वह वैध निशाना है और उस पर कार्रवाई की जा सकती है.”गौरतलब है कि इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स ने हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ होने वाली “सैन्य कार्रवाई” से पहले आम लोगों को इलाक़ा खाली करने के लिए कहा है





















