

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण को गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट से ED को चार दिन की रिमांड भी दी है. इससे पहले ED ने मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे, चित्रा रामकृष्ण, और रवि नारायण के खिलाफ अवैध फोन टैपिंग मामले और स्टॉक एक्सचेंज के कर्मचारियों की जासूसी के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया.

ईडी ने प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 की आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. ईडी ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा बुक किए जाने के एक सप्ताह बाद चित्रा रामकृष्ण, रवि नारायण और संजय पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया है.लाइव मिंट की एक खबर के अनुसार, हाल में ही दर्ज की गई FIR में सीबीआई ने आरोप लगाया था कि रवि नारायण और चित्रा रामकृष्ण ने स्टॉक मार्केट के कर्मचारियों के फोन कॉल्स को अवैध रूप से इंटरसेप्ट करने के लिए मुंबई के सेवानिवृत्त पुलिस आयुक्त संजय पांडे द्वारा स्थापित एक कंपनी iSEC सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को शामिल किया था.
एफआईआर में यह आरोप भी लगाया गया कि संजय पांडे की कंपनी को कथित तौर पर स्टॉक एक्सचेंज के कर्मचारियों के फोन टैप करने के लिए ₹4.45 करोड़ का भुगतान प्राप्त हुआ था. कहा गया है कि फोन टैपिंग को NSE में “साइबर कमजोरियों के आवधिक अध्ययन” के रूप में छिपाया गया था.








