

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दावा किया कि अगले 30-40 वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का युग रहेगा और भारत ‘विश्वगुरु’ बनेगा. उन्होंने कहा कि तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित उन सभी राज्यों में भी भाजपा की सरकारें बनेंगी, जहां पार्टी अभी तक सत्ता से दूर है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की यहां संपन्न बैठक के दौरान पारित राजनीतिक प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए शाह ने जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करने का आह्वान किया और हाल के विधानसभा और विभिन्न उपचुनावों में पार्टी को मिली जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भाजपा की ‘‘विकास और बेहतर प्रदर्शन की राजनीति’’ पर जनता की मुहर है.दक्षिण भारत को भाजपा के उभार के दौर का नया क्षेत्र बताया और कहा कि वर्तमान राजनीति में देश के विपक्षी दल बिखरे हुए हैं.
विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी में उसके ही सदस्य लोकतंत्र स्थापित करने के लिए लड़ रहे है, लेकिन ‘गांधी परिवार’ डर के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं करा रहा है. शाह के संबोधन से जुड़े अंशों को मीडिया से साझा करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी. सरमा ने शाह के हवाले से कहा, ‘सुरक्षित और समृद्ध भारत के लिए 30 से 40 साल तक देश में और राज्यों में भाजपा सरकार की आवश्यकता है.’
शाह के भाषण के अंशों को जब उन्होंने अंग्रेजी में पत्रकारों से साझा किया तो कहा, ‘अगले 30 से 40 साल तक देश में भाजपा का युग रहेगा और भारत विश्व गुरु बनेगा, वह भी भाजपा के ही राज में.’ उनके मुताबिक, शाह ने राजनीति में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण को ‘बहुत बड़ा अभिशाप’ बताया और कहा कि देश को इतने साल तक जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा, उसकी जड़ में यही सब थे.
उन्होंने देश की राजनीति से वंशवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण को उखाड़ फेंकने का आह्वान भी किया. सरमा के मुताबिक शाह ने कहा, ‘विपक्ष आज बिखरा हुआ है. कांग्रेस में लोकतंत्र स्थापित करने के लिए उसके ही सदस्य लड़ाई कर रहे हैं, गांधी परिवार डर के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं करा रहा है.’








