

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. राज्य से कोरोना लगभग खत्म होने की मुहाने पर खड़े होने के बाद वापस आ गया है. संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है. कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने चिंता जताई है. कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर चिंता जताते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को तैयारी रखने को कहा है. उन्होंने लोगों से भी कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन करने का आग्रह किया है.छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23 जून की शाम को जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 114 मरीज मिले हैं. अब प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 632 हो गई है.

सबसे ज्यादा मामले राजधानी रायपुर में देखे जा रहे हैं. बिलासपुर में गुरुवार को यहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्ध महिला मरीज की मौत हो गई. बीते 123 दिन बाद कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. सिम्स के साथ बिलासपुर जिला अस्पताल में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं. अलग से वार्ड फिर से बनाने पड़ रहे बिलासपुर में बीते दो दिन में जिले में 16 मरीज मिले हैं. वहीं एक्टिव केस की संख्या 63 हो गया है.
राज्य में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है. जून महीने में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जानकारों का कहना है कि बाहर से यात्राएं करके लौटे लोगों से संक्रमण बढ़ा है. यात्राओं से वापस लौटे लोग कोरोना के लक्षणों को मामूली सर्दी खांसी समझकर टेस्ट नहीं करा रहे हैं. छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर राकेश गुप्ता का कहना है कि लोगों को कोरोना की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करना शुरू कर देना चाहिए. अब यदि मामले रोकने हैं तो बेहद सचेत होने की जरूरत है. वहीं बुस्टर डोज को लेकर भी अब तेजी लाना चाहिए.








