

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH मोहम्मद पैगंबर को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में जामा मस्जिद में किये गये प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. शुक्रवार को राजधानी की जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया था.

प्रशासन ने कोरोनो वायरस महामारी के बीच बड़े समारोहों और प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगा दिया है. शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद और उसके आसपास करीब 500 प्रदर्शनकारी जमा हुए थे, जिन्होंने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी के लिए भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की थी.
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद के एक नंबर गेट के पास शुक्रवार को सीढ़ियों पर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन किया गया था और यह लगभग 15 से 20 मिनट तक चला था. बाद में प्रदर्शनकारियों को इलाके से तितर-बितर कर दिया गया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस अधिकारी श्वेता चौहान ने कहा कि मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए करीब 1,500 लोग जमा हुए थे. जब नमाज शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई, तो कुछ लोग बाहर आकर तख्तियां दिखाने लगे और नारेबाजी करने लगे.
बाद में कुछ और लोग भी उनके साथ शामिल हुए और प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़कर लगभग 500 हो गई.जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हमेशा पुलिस की तैनाती रहती है. 10 से 15 मिनट के भीतर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया गया और अब स्थिति शांतिपूर्ण है. घटना के संबंध में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. हमने कुछ बदमाशों की पहचान कर ली है और हमारी टीम दूसरों की पहचान करने के लिए काम कर रही है.








