

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : नई दिल्ली, राज्यसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही ‘रिसॉर्ट राजनीति’ वापस आ गई है. राजस्थान और हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के सामने अपने ‘संख्या बल’ को बनाए रखने की चुनौती है. खरीद-फरोख्त के डर के बीच पार्टी ने अपने विधायकों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया है. राजस्थान की चार सीटों पर राज्यसभा चुनाव के पहले 40 कांग्रेस विधायक और कुछ निर्दलीय आज उदयपुर के होटल रवाना हुए. उधर, हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव में खरीद-फरोख्त की आशंका के मद्देनजर कांग्रेस ने राज्य के अपने करीब 28 विधायकों को रायपुर भेज दिया है.

हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा है जबकि राजस्थान में पार्टी अपने विधायकों और सहयोगी निर्दलीय विधायकों को उसी उदयपुर रिसॉर्ट ले जा रही है जिसमें पिछले माह पार्टी के चिंतन शिविर की मेजबानी की थी. पार्टी ने बीजेपी की ‘हार्स ट्रेडिंग’ के डर के चलते अपने विधायकों को उदयपुर शिफ्ट किया है. राजस्थान में अपने एक आधिकारिक उम्मीदवार को उतारने के साथ ही बीजेपी ने मीडिया दिग्गज सुभाष चंद्रा को समर्थन देने का फैसला किया है जिन्होंने निर्दलीय के तौर पर नामांकन दाखिल किया है. कांग्रेस ने तीन उम्मीदवार उतारे हैं. राजस्थान की चार सीटों के लिए वोटिंग 10 जून को होनी है.राजस्थान के कांग्रेस विधायक सिविल लाइंस स्थित सीएम आवास से लग्जरी बस में सवार होकर शाम को उदयपुर रवाना हुए. बस के साथ पुलिस टीम को भी भेजा गया है.








