

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैदराबाद में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के 20वें सालगिरह के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेलंगाना के सीएम पर तंज कस रहे थे. दिलचस्प बात यह थी कि जब पीएम तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में थे, तब तेलंगाना के सीएम केसीआर बेंगलुरु में पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा से मिलने गए थे. यह दूसरी बार है जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी की अपने राज्य में न तो अगवानी की और न ही उनके कार्यक्रम में भाग लिया. माना जा रहा है कि केसीआर अंधविश्वासी हैं. इसलिए पीएम मोदी ने केसीआर पर तंज कसा. कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनते ही केसीआर ने धार्मिक अनुष्ठान करवाया और वास्तु के हिसाब से घर बदलवाया.2016 में कई ऐसी रिपोर्ट आई थीं जिसमें कहा गया था कि केसीआर ने वास्तु के हिसाब से 50 करोड़ रुपये में नया घर बनवाया है. केसीआर ने मुख्यमंत्री बनते ही बेगमपेट में अपने कार्यालय का जीर्णोद्धार करवाया, जो पांच मंजिलों और छह अलग-अलग ब्लॉकों में है और वह सबसे ऊंची इमारत है. केसीआर की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शासक को ऐसे स्थान से काम करना चाहिए जो दूसरों की तुलना में अधिक ऊंचाई पर हो. पिछले साल उन्होंने वास्तु के हिसाब से नया घर बनवाया और अपने फार्महाउस में यज्ञ का अनुस्ठान किया. इसमें आयुथ महा चंडी यज्ञ का अनुष्ठान किया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक इस महायज्ञ के दौरान 150 रसोइए आए थे और पांच दिनों के कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों को भोजन कराया गया था.
तेलंगाना में अपनी पार्टी की जमीन तैयार करने के तहत बीजेपी वहां ताबड़तोड़ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है. दूसरी ओर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी बीजेपी को संभावित खतरे के रूप में देखते हुए लगातार उस पर हमलावर हो रहे हैं. अब पीएम मोदी ने तेलंगाना पहुंचकर एक तीर से कई निशाने साधे हैं. उन्होंने केसीआर के बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि अंधविश्वासी लोग कभी राज्य का विकास नहीं कर सकते. पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विज्ञान पर भरोसा है. इसलिए मैं योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने संन्यासी रहते हुए कभी भी अंधविश्वास पर भरोसा नहीं किया.पीएम मोदी ने केसीआर के अंधविश्वास पर तंज कसते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ को कई बार कहा गया है कि यहां मत जाओ, वहां मत जाओ, इससे हार जाओगे. लेकिन वे नोएडा गए और जीते. पीएम ने कहा कि तेलंगाना को अंधविश्वास से बचाना है. पीएम का इशारा केसीआर की ओर था जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने वास्तु के कारण अपने घर में बदलाव कराया था.









