

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH :छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में लंबे समय से हाथी और मानव के बीच संघर्ष जारी है. सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर इन पांचों जिले के अलग-अलग जंगलों में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. इन दिनों गर्मी के कारण जंगलों में तालाब और नाले सूख गए हैं. जिसकी वजह से कभी कभी हाथी भोजन पानी की तलाश में ग्रामीणों इलाकों की ओर पहुंच जाते है और घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाकर लौट जाते हैं. इसी क्रम में जशपुर जिले की कुनकुरी क्षेत्र में आज शनिवार की सुबह हाथी ने एक युवक को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है. जब युवक की मौत हो गई तो हाथी ने उसका शव अपने सूंड से उठाकर तालाब में फेंक दिया. घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और मृतक से शव को तालाब से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई में जुटी.कुनकुरी इलाके में इन दिनों हाथियों का झुंड विचरण करते हुए कभी कभी भटककर गांव में घुस आता है. ऐसा ही आज शनिवार की सुबह हुआ जब हाथी अंबाचुआ गांव के करीब पहुंच गए थे. इसी दौरान गांव के रास्ते से एक युवक साइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था. जिसका सामना हाथी से हो गया और हाथी को सामने देखकर युवक अपनी जान बचाने के लिए भागने लगा. फिर हाथी ने उसे दौड़ाना शुरू कर दिया और कुछ दूर जाकर उसे धक्का देकर गिरा दिया. फिर इसके बाद पैरों से युवक का सिर कुचल डाला, जिससे उसकी मौत हो गई.









