
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : उत्तराखंड के हल्द्वानी का एक घर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि घर में आग लगने की अजीबो-गरीब घटनाएं हो रही हैं. हालात ऐसे हैं कि घर के लोग पानी की बाल्टियां भरकर सो रहे हैं. ताकि आग लगने की स्थिति में उसे बुझाया जा सके. पांडे परिवार ने अपने घर की पूरी की पूरी बिजली की वायरिंग तक बदल डाली है. बिजली का कनेक्शन तक काट डाला है. लेकिन इसके बावजूद अचानक आग लगने का सिलसिला नहीं थम रहा.

पांडे परिवार की बेटी दीप्ति त्रिपाठी बताती हैं कि चंद्र ग्रहण के दिन से लगातार इस तरह की घटना हो रही है. घरवाले एक कमरे में आग बुझाने के लिए जाते हैं तो इतनी देर में दूसरी जगह आग लग जाती है. घर की बुजुर्ग चंद्रा पांडे बताती हैं कि ऐसे कूलर में भी आग लग चुकी है, जिसका बिजली से कनेक्शन कट चुका है. साथ ही बंद अलमारी में भी अचानक आग लग रही है. पिछले एक हफ्ते में पांडे जी के घर में एक के बाद एक ग्यारह बार आग लग चुकी है.
हल्द्वानी में नगर निगम ऑफिस के ठीक करीब रहने वाला कमल पांडे का परिवार इन दिनों एक अजीब सी दहशत में जी रहा है. पिछले एक हफ्ते से घर में कहीं भी, कभी भी अचानक आग लग जाती है. कभी घर की बंद अलमारी में आग लगने लगती है तो कभी जिस बिस्तर पर इंसान लेटा हुआ है वहीं से धुआं उठने लगता है.
पांडे परिवार को लगा कि कहीं अर्थिंग के कारण तो मकान में आग नहीं लग रही. जिसके बाद मकान में बिजली विभाग ने अर्थिंग का भी काम कर दिया. यहां तक की पुराने बिजली के कनेक्शन को काट दिया गया. लेकिन इसके बावजूद कभी बंद कूलर में आग लग रही है तो कभी आंगन में सुखाने के लिए डाले कपड़ों में. यह सब देख कर पड़ोसी भी हैरान हैं.
मकान के मालिक कमल पांडे बताते हैं कि उन्हें मकान में रहते हुए तकरीबन 70 साल हो चुके हैं. लेकिन आज तक इस तरह की घटना नहीं हुई. परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके घर में यह क्या हो रहा है. हालात ऐसे हैं कि पूरे परिवार ने मकान को खाली कर दिया है. घर के बुजुर्गों और बच्चों को पड़ोस में किराए का मकान लेकर रहना पड़ रहा है. और कुछ लोग कमरों से बाहर निकलकर बरामदे में सोन रहे हैं. जो लोग घर के बरामदे में सो रहे हैं उनके सामने 24 घंटे पानी से भरी बाल्टियां रखी हुई हैं. ताकि आग लगने पर तुरंत बुझाई जा सके. लेकिन इस सबके बीच लोगों को इस रहस्यमई आग की क्या वजह समझ नहीं आ रही.
घरवाले अब झाड़-फूंक का भी सहारा ले रहे हैं. दरअसल, घर वालों का मानना है कि उनके घर के करीब से एक नहर गुजर रही है. जिसे कवर करने का काम कुछ दिन पहले ही शुरू हुआ है. जिसके लिए नहर की खुदाई की गई है. जब से नहर की खुदाई की गई है तभी से घर में आग लगने का सिलसिला जारी है. रहस्यमई आग लगने की सूचना मिलते ही हल्द्वानी की सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह भी मौके पर पहुंची. उन्होंने पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं.





















