
08 Nov, 2022


Report manpreet singh

Raipur chhattisgarh VISHESH मेरे प्यारे देशवासियों और विश्व समुदाय के सभी परिवार जन, कुछ दिनों बाद, एक दिसंबर से भारत, जी-20 की अध्यक्षता करेगा। भारत के लिए ये एक ऐतिहासिक अवसर है। आज इसी संदर्भ में इस समिट की Website, Theme और Logo को लॉन्च किया गया है। मैं सभी देशवासियों को इस अवसर पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
जी-20 ऐसे देशों का समूह है जिनका आर्थिक सामर्थ्य विश्व की 85 प्रतिशत GDP का प्रतिनिधित्व करता है। जी-20 उन twenty देशों का समूह है, जो विश्व के 75 प्रतिशत व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। जी-20 उन 20 देशों का समूह है, जिसमें विश्व की दो-तिहाई जनसंख्या समाहित है। और भारत, अब इस जी-20 समूह का नेतृत्व करने जा रहा है, इसकी अध्यक्षता करने जा रहा है।
आप कल्पना कर सकते हैं कि आजादी के अमृतकाल में देश के सामने ये कितना बड़ा अवसर आया है। ये हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है, उसका गौरव बढ़ाने वाली बात है। और मुझे खुशी है कि G-20 समिट को लेकर, भारत में होने जा रहे इससे जुड़े आयोजनों को लेकर, उत्सुकता और सक्रियता लगातार बढ़ रही है। आज जो ये Logo लॉन्च हुआ है, उसके निर्माण में भी देशवासियों की बड़ी भूमिका रही है। हमने Logo के लिए देशवासियों से उनके बहुमूल्य सुझाव मांगे थे। और मुझे जानकर बहुत अच्छा लगा कि सरकार को हजारों की संख्या में लोगों ने अपने क्रिएटिव Ideas भेजे। आज वो ideas, वो सुझाव इतने बड़े वैश्विक आयोजन का चेहरा बन रहे हैं। मैं इस प्रयास के लिए सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूँ।
G-20 का ये Logo केवल एक प्रतीक चिन्ह नहीं है। ये एक संदेश है। ये एक भावना है, जो हमारी रगों में है। ये एक संकल्प है, जो हमारी सोच में शामिल रहा है। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की जिस भावना को हम जीते आए हैं, वो विचार इस Logo और Theme में प्रतिबिम्बित हो रहा है। इस Logo में कमल का फूल, भारत की पौराणिक धरोहर, हमारी आस्था, हमारी बौद्धिकता, को चित्रित कर रहा है।
हमारे यहां अद्वैत का चिंतन जीव मात्र के एकत्व का दर्शन रहा है। ये दर्शन, आज के वैश्विक द्वंदों और दुविधाओं के समाधान का माध्यम बने, इस Logo और Theme के जरिए, हमने ये संदेश दिया है। युद्ध से मुक्ति के लिए बुद्ध के जो संदेश हैं, हिंसा के प्रतिरोध में महात्मा गांधी के जो समाधान हैं, G-20 के जरिए भारत उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊर्जा दे रहा है।








