





Raipur chhattisgarh VISHESH //! एनआईटी रायपुर में ₹88.76 करोड़ की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (MACIEET) का शिलान्यास
मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ शासन एवं एनआईटी रायपुर की संयुक्त पहल; प्रदेश के युवाओं को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय प्रयोगशालाएँ, इन्क्यूबेशन, मार्गदर्शन और कौशल विकास की सुविधा

रायपुर, 10 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के जी. ई. रोड स्थित परिसर में आज श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (MACIEET) का शिलान्यास किया गया। यह केंद्र मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ शासन एवं एनआईटी रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से ₹88.76 करोड़ की कुल परियोजना लागत से स्थापित किया जा रहा है। लागत 80:10:10 के अनुपात में वहन की जाएगी, जिसमें मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन ₹71.008 करोड़ तथा छत्तीसगढ़ शासन एवं एनआईटी रायपुर ₹8.876 करोड़ प्रत्येक का योगदान देंगे। परियोजना का क्रियान्वयन संस्थान की सेक्शन-8 कंपनी, एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) के माध्यम से किया जाएगा। यह केंद्र मोतीलाल ओसवाल समूह के सह-संस्थापक एवं रायपुर के निकट ग्राम नगपुरा के मूल निवासी श्री रामदेव अग्रवाल की माताजी श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल के नाम पर स्थापित किया जा रहा है।
समारोह में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय; मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (MOFSL) के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक श्री रामदेव अग्रवाल; एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे तथा संस्थान के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री अशोक कुमार गुप्ता, रजिस्ट्रार, एन आई टी रायपुर ; डॉ. समीर बाजपेयी, प्रमुख, करियर डेवलपमेंट सेंटर (CDC); डॉ. अनुज के. शुक्ला, फैकल्टी इंचार्ज, NITRRFIE; श्री अबिनाश मिश्रा, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट, जिला धमतरी; श्री पवन कटारिया, ऑफिसर इंचार्ज, NITRRFIE सहित संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी, अलुमिनी और विद्यार्थी, विशिष्ट अतिथि एवं आमंत्रित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
MACIEET में उपलब्ध होंगी ये सुविधाएँ
आईएनआई डिज़ाइन स्टूडियो द्वारा “लर्निंग स्ट्रीट” की अवधारणा पर रूपांकित यह भवन एक छायादार एवं हरित मार्ग के रूप में मौजूदा परिसर को केंद्र की सभी गतिविधियों से जोड़ेगा। 6,525 वर्ग मीटर भूखंड पर भूतल सहित छह मंज़िला (G+6) इस भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्ग मीटर (लगभग 1.32 लाख वर्ग फुट) होगा। L-आकार का यह भवन एक भू-दृश्यांकित आँगन एवं खुले एम्फीथिएटर के चारों ओर बनेगा, जिसमें परिसर के मौजूदा वृक्षों को संरक्षित रखा जाएगा, जलवायु नियंत्रण हेतु डबल-स्किन फ़साड होगा तथा पूरी छत पर सौर पैनल लगाए जाएँगे।
केंद्र का मुख्य आकर्षण सात उभरती तकनीकों की प्रयोगशालाएँ होंगी, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग (एक साथ लगभग 100 प्रशिक्षुओं हेतु), डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, एआर-वीआर एवं आईओटी, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, 3डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी प्रयोगशालाएँ शामिल हैं। इनके साथ 50 से 100 सीटों की क्षमता वाली कक्षाएँ एवं स्मार्ट कक्षाएँ कौशल विकास, प्रमाणन एवं संकाय विकास कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध रहेंगी। NITRRFIE द्वारा संचालित 563 वर्ग मीटर के इन्क्यूबेशन एवं को-वर्किंग सेंटर में प्लग-एंड-प्ले वर्कस्टेशन, स्टार्टअप केबिन, कॉन्फ्रेंस हॉल तथा मार्गदर्शन, निवेशक पिच एवं उद्योग संवाद हेतु मीटिंग रूम होंगे।
केंद्र में 500 व्यक्तियों की क्षमता वाला बैंक्वेट-सह-डाइनिंग हॉल, डबल-हाइट प्रदर्शनी क्षेत्र, स्टार्टअप नवाचारों हेतु प्रोडक्ट शोकेस तथा खुला एम्फीथिएटर भी होगा, जहाँ हैकाथॉन, डेमो डे, निवेशक सम्मेलन एवं स्टार्टअप कॉन्क्लेव आयोजित किए जा सकेंगे। पुरुष एवं महिला डॉरमेट्री, अतिथि कक्ष एवं सुइट कक्ष प्रशिक्षुओं, मेंटर्स एवं विशेषज्ञों के आवास की व्यवस्था करेंगे, जिससे आवासीय बूटकैंप एवं इन्क्यूबेशन कार्यक्रम संभव होंगे। साथ ही कैफ़े एवं कैंटीन, सेंट्रल किचन तथा बैंक शाखा जैसी सहायक सुविधाएँ भी उपलब्ध रहेंगी।
ये प्रयोगशालाएँ छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों, इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप्स, प्रदेश के एमएसएमई एवं उद्योगों तथा राज्य शासन के कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। स्टार्टअप्स को कार्यस्थल, संकाय एवं उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइपिंग हेतु प्रयोगशालाओं की सुविधा, बौद्धिक संपदा एवं नियामकीय विषयों में सहायता तथा निवेशकों, बैंकों और शासकीय योजनाओं से जुड़ाव प्रदान किया जाएगा। प्रदेश के आकांक्षी एवं जनजातीय जिलों के युवा उद्यमियों तक विशेष रूप से पहुँच बनाई जाएगी।
समारोह में अतिथियों के विचार
छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा, “MACIEET के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय प्रयोगशालाएँ, मार्गदर्शन और इन्क्यूबेशन की सुविधा मिलेगी। हमारी सरकार को इस केंद्र में सहभागी होने पर गर्व है। यह केंद्र युवाओं के विचारों को उद्यम और रोज़गार में बदलेगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
एनआईटी रायपुर के करियर डेवलपमेंट सेल के प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को जॉब क्रिएटर बनाने और नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एमओएफएसएल के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक श्री रामदेव अग्रवाल ने कहा, “मेरी माताजी के नाम पर स्थापित MACIEET, छत्तीसगढ़ की उस माटी के प्रति मेरी विनम्र श्रद्धांजलि है, जिसने मुझे गढ़ा। हर बड़ा उद्यम एक साहसिक विचार और उसे साकार करने के जज़्बे से शुरू होता है। यह केंद्र प्रदेश के युवा नवप्रवर्तकों को वह स्थान, साधन और मार्गदर्शन देगा, जिससे वे भविष्य की कंपनियाँ खड़ी कर सकें।”
एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने कहा, “जब शिक्षा जगत, उद्योग और शासन मिलकर काम करते हैं, तब नवाचार प्रयोगशाला से निकलकर बाज़ार तक पहुँचता है। MACIEET एनआईटी रायपुर को ऐसा केंद्र बनाएगा, जहाँ शोध उत्पाद बनेगा और विद्यार्थी रोज़गार देने वाले बनेंगे।”
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री अविनाश मिश्रा ने श्री रामदेव अग्रवाल की प्रेरणादायक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करेगा तथा छत्तीसगढ़ में नवाचार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगा।
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता के प्रति एनआईटी रायपुर की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि MACIEET विद्यार्थियों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों एवं नवोदित उद्यमियों को अपने विचारों को व्यावहारिक तकनीकों, उत्पादों एवं उद्यमों में बदलने के लिए एक सशक्त संस्थागत मंच प्रदान करेगा। उन्होंने मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन एवं छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने संस्थान के इन्क्यूबेशन सेंटर NITRRFIE के युवा उद्यमियों और विद्यार्थियों से चर्चा भी की जहां सभी उद्यमियों ने अपने विचार उनके सामने रखे माननीय मुख्यमंत्री ने सभी युवा उद्यमियों की सराहना की और उन्हें निरंतर आगे बढने की प्रेरणा दी | समारोह का समापन एक सशक्त नवाचार एवं उद्यमिता परिवेश के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ, जहाँ नए विचारों को प्रोत्साहन मिलेगा, नवाचारों को विकसित होने का अवसर मिलेगा तथा भावी उद्यमी प्रदेश और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दे सकेंगे।
मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन के बारे में
मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की स्थापना वर्ष 2011 में मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के सह-संस्थापक श्री मोतीलाल ओसवाल एवं श्री रामदेव अग्रवाल द्वारा “नॉलेज फर्स्ट” के ध्येय वाक्य और इस विश्वास के साथ की गई कि शिक्षा समाज में समृद्धि एवं समानता ला सकती है। फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण उत्थान के क्षेत्रों में कार्य करता है तथा इसके संस्थापकों ने MOFSL में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी का 10% परोपकारी कार्यों हेतु समर्पित करने का संकल्प लिया है। फाउंडेशन ने आईआईटी बॉम्बे, इंडियन स्कूल ऑफ बिज़नेस एवं आईआईएम रायपुर जैसे संस्थानों को सहयोग प्रदान किया है तथा छत्तीसगढ़ में रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर के माध्यम से अबूझमाड़ के जनजातीय बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग कर रहा है।
एनआईटी रायपुर के बारे में
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर मध्य भारत के सबसे पुराने तकनीकी संस्थानों में से एक है। इसकी स्थापना वर्ष 1956 में शासकीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, रायपुर के रूप में हुई थी तथा वर्ष 2005 में इसे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान का दर्जा प्रदान किया गया। यह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी, विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान अधिनियम, 2007 के अंतर्गत राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है, जो शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत है। संस्थान अभियांत्रिकी, वास्तुकला, विज्ञान, कंप्यूटर अनुप्रयोग तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डॉक्टरल कार्यक्रम संचालित करता है। डीएसटी निधि टेक्नोलॉजी बिज़नेस इन्क्यूबेटर, एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) तथा इंडियाएआई छत्तीसगढ़ एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से संस्थान प्रदेश में अनुसंधान, स्टार्टअप, नवाचार एवं कौशल विकास को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित कर रहा है। अधिक जानकारी हेतु देखें: www.nitrr.ac.in








