

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : चुनाव आयोग ने टीम ठाकरे और टीम शिंदे की तरफ से दाखिल किए गए जवाब के बाद शनिवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए शिवसेना के चुनाव चिन्ह को फ्रीज कर दिया है. इसका मतलब ये हुआ कि अब दोनों ही गुट इस चिन्ह का इस्तेमाल फिलहाल नहीं कर पाएंगे. साथ ही आयोग ने शिवसेना के नाम के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है. यानी दोनों ही गुट आगामी चुनाव में शिवसेना पार्टी के नाम का भी प्रयोग नहीं कर पाएंगे. शिवसेना के चिन्ह को लेकर टीम उद्धव और टीम शिंदे के बीच बीते कई महीनों से आपसी खींचतान चल रही थी. उद्धव ठाकरे जहां इसे अपने पिता की पार्टी बताकर इसपर अपना दावा कर रहे थे वहीं सीएम शिंद का कहना था कि लोकतंत्र में पार्टी उसी की होती है जिसके पास बहुमत होता है. और फिलहाल बहुमत का आंकड़ा हमारे पास है. लेकिन अब चुनाव आयोग के इस ऐलान के बाद दोनों ही पक्ष पार्टी के नाम और चिन्ह के इस्तेमाल से वंचित कर दिए गए हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले चुनाव आयोग ने टीम ठाकरे और टीम शिंदे से शिवसेना के चुनाव चिन्ह पर उनके अधिकार के दावे को लेकर एक जवाब दाखिल करने कहा था. उद्धव ठाकरे ने शिवसेना पार्टी पर अपने अधिकार का दावा करते हुए शुक्रवार को चुनाव आयोग में जवाब दाखिल किया था. इस जवाब में उद्धव ठाकरे ने कहा था कि महाराष्ट्र के मौजूदा सीएम एकनाथ शिंदे शिवसेना के अन्य बागी विधायकों के साथ मिलकर पहले ही अपनी स्वेच्छा से पार्टी छोड़ चुके हैं. ऐसे में वो पार्टी के चिन्ह को लेकर अपने अधिकार की बात नहीं कर सकते. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार उद्धव गुट ने 5 लाख से ज्यादा पार्टी पदाधिकारियों और सदस्यों के समर्थन वाला एक हलफनामा भी दाखिल किया है. ठागरे गुट के वकील का कहना था कि अभी तक 2.5 मिल चुके हैं जबकि अन्य 3 लाख हलफनामों को मुंबई में सेना भवन में तैयार किया जा रहा है. इन सभी को अगले सप्ताह तक दर्ज किए जाने की योजना है.









