

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : लोकसभा चुनाव 2024 में अभी दो साल से ज्यादा का वक्त है, लेकिन पार्टी की तैयारियां मिशन मोड में, बीजेपी लगातार तीसरे लोकसभा चुनाव को जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही l वहीं बीजेपी ने मिशन 2024 का खाका तैयार कर लिया है और तय किया है कि पिछले लोकसभा चुनाव में उसे जिन सीटों पर हार मिली थीं, वहां पर पीएम मोदी की मेगा रैलियों का आयोजन किया जाएगा.

पार्टी ने ऐसी 144 सीटें चिह्नित की हैं, जहां पर 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी दूसरे या तीसरे नंबर पर आई थी. पार्टी अपने मिशन को लेकर काफी गंभीर है और सभी मंत्रियों को इन सीटों की जिम्मेदारी पहले ही दे दी गई है. गृह मंत्री अमित शाह ने पिछली समीक्षा बैठक में कई मंत्रियों को इन सीटों का दौरा न करने के लिए लताड़ा था.
इन सीटों को बीजेपी अगले चुनाव में जीतना चाहती है ताकि मौजूदा सीटों पर नुकसान की भरपाई हो सके. मंत्रियों के प्रवास के बाद अब गृह मंत्री अमित शाह भी देश भर में ऐसी सीटों का दौरा कर रहे हैं. वहीं तीसरे चरण में खुद पीएम मोदी प्रचार की कमान संभालेंगे और इन सीटों पर उनकी विशाल रैलियां कराने का फैसला किया गया है.
इन सीटों में विपक्षी पार्टियों के कद्दावर नेताओं की सीटें भी शामिल हैं. इनमें सोनिया गांधी की रायबरेली, मुलायम सिंह यादव की मैनपुरी, सुप्रिया सुले की बारामती, नकुल नाथ की छिंदवाड़ा जैसी सीटें शुमार हैं. इन सीटों को जीतने की रणनीति बनाने के लिए बीजेपी आलाकमान ने एक समिति भी बनाई है जो इन सीटों से जुड़े मुद्दों, समस्याओं, लाभार्थियों आदि की विस्तृत जानकारी जुटा रही है, ताकि प्रचार के दौरान इनका इस्तेमाल किया जा सके.








