
दुर्ग जिले के टॉपर आयुष प्रिया और शहर की तृतीय रैंक प्राप्त अर्पिता यादव को किया गया सम्मानित
Raipur chhattisgarh VISHESH / स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई स्टील प्लांट द्वारा शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस्पात भवन में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने मेधावी छात्र आयुष प्रिया एवं छात्रा अर्पिता यादव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग) श्री ए. बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर, महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री सौमिक डे तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की प्राचार्य सुश्री सुमिता सरकार सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी एवं विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।


उल्लेखनीय है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, भिलाई के छात्र आयुष प्रिया ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दुर्ग जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की छात्रा अर्पिता यादव ने 97.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर शहर में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आयुष प्रिया, जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव प्रिया के पुत्र हैं। उन्होंने संवाद के दौरान बताया कि वे आगे चलकर बैचलर ऑफ साइंस इन इकोनॉमिक्स के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। वहीं अर्पिता यादव ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की। राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतिभागी रह चुकी अर्पिता को स्केचिंग, पेंटिंग एवं हैंडीक्राफ्ट में विशेष रुचि है।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके परिश्रम, अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को भिलाई इस्पात संयंत्र की शिक्षा, प्रतिभा संवर्धन एवं युवा प्रोत्साहन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया।





















