

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH : कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उनके पद पर किसी और को नियुक्त करने की खबरों को ‘‘निराधार” एवं ‘‘झूठा” करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार स्थिर है और स्थिर ही बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि वह राज्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए कड़ी मेहनत से काम करते रहेंगे.

कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने के बाद बृहस्पतिवार को अपनी नियमित दिनचर्या में लौटने के बाद इन अटकलों पर मुख्यमंत्री ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी. बोम्मई 6 अगस्त को संक्रमित पाए जाने के बाद से ही घर पर पृथक-वास में थे.भाजपा की राज्य इकाई के भीतर शीर्ष नेतृत्व सहित कई पदों पर बदलावों की अटकलें कई दिनों से हैं.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की राज्य की हालिया यात्रा के बाद से यह खबरें अधिक आ रही हैं. कांग्रेस द्वारा पिछले दो दिन में किए गए कई ट्वीट में बोम्मई को हटाए जाने, राज्य को जल्द तीसरा मुख्यमंत्री मिलने का दावा किया गया और बोम्मई को ‘‘दूसरों के इशारों पर चलने वाला मुख्यमंत्री” भी कहा गया. बोम्मई ने कहा, ‘‘ यह काफी दिलचस्प है…कांग्रेस पहली बार ऐसे ट्वीट नहीं कर रही है. ऐसा प्रतीत होता है कि उनके दिमाग में कोई बात है जिसे वे राज्य के लोगों के बीच फैलाना चाहते हैं, लेकिन लोग उन पर विश्वास नहीं करेंगे.








