
शनिवार शाम को भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर की घोषणा के कुछ घंटों के बाद भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने एक स्पेशल प्रेस ब्रीफिंग की. शनिवार रात क़रीब 11 बजे हुई इस स्पेशल ब्रीफिंग में विक्रम मिसरी ने कहा है कि पाकिस्तान ने समझौते का उल्लंघन किया है.
उन्होंने कहा , पिछले कुछ दिनों से हो रही सैन्य कार्रवाई को रोकने का समझौता आज शाम को हुआ था. पिछले कुछ घंटों से पाकिस्तान की तरफ़ से इस समझौते का घोर उल्लंघन हो रहा है.भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और इस सीमा अतिक्रमण से निपट रही है. ये अतिक्रमण अत्यंत ही निंदनीय है और पाकिस्तान इसके लिए ज़िम्मेदार है.

क़रीब ढाई मिनट की इस प्रेस ब्रीफिंग में विक्रम मिसरी ने कहा, हमारा मानना है कि पाकिस्तान इस स्थिति को ठीक से समझे और इस अतिक्रमण को रोकने के लिए तुरंत उचित कार्रवाई करे. उन्होंने कहा, सेना ने इस स्थिति पर कड़ी नज़र रखी हुई है और उसे किसी भी अतिक्रमण से निपटने के लिए ठोस और सख़्त कदम उठाने के लिए आदेश दे दिए गए हैं.
इससे पहले शनिवार शाम क़रीब 5.30 बजे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच तत्काल और पूर्ण संघर्षविराम पर सहमति बनने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी की थी. इसके बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने भी इसकी जानकारी दी और बताया, दोनों के बीच इस बात की सहमति बनी है कि भारतीय समयानुसार शाम पांच बजे से दोनों ही पक्ष सभी तरह की फायरिंग और मिलिट्री एक्शन रोक देंगे.





















